जमशेदपुर:चंगाई सभा में धर्म-परिवर्तन की सूचना पर हिन्दू संगठनों के लोगों का हंगामा, तोड़फोड़,आगजनी की गई,पुलिस ने किया लाठीचार्ज

जमशेदपुर।झारखण्ड के जमशेदपुर शहर के गोलमुरी में रविवार को धर्म-परिवर्तन के आरोप में जमकर हंगामा हुआ है।बताया जा रहा है कि तोड़फोड़,आगजनी के बाद हालत को संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। हंगामा करने का आरोप बजरंग दल सहित कुछ हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं पर लगा है।फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। बताया जा रहा है कि जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत नानक नगर रेल पटरी के पास मिशनरीज के द्वारा चंगाई सभा का आयोजन किया था। इसमें काफी संख्या में लोग एकत्र हुए थे।

इधर धर्म परिवर्तन करने की खबर पर हिंदूवादी संगठनों के लोग मौके पर पहुंचे। इसमें कुछ महिलाएं व लड़कियां भी शामिल थीं। इन्होंने सभा में धर्म परिवर्तन कराए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। कार्यक्रम के लिए लगाए गए बैनर व पोस्टर फाड़ डाले गए। इसमें आग लगा दी गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने मिशनरीज ऑफिस की कुर्सियां व टेबल तोड़ दिए।

वहीं विवाद बढ़ते हुए देखकर मिशनरीज के लोगों ने इसकी सूचना गोलमुरी पुलिस को दी। सूचना पाकर गोलमुरी थाना प्रभारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, पुलिस भी लोगों के गुस्से को शांत नही करवा पाई। उग्र लोग पुलिस के सामने नारेबाजी व तोड़फोड़ करते रहे। इसके बाद हालात को संभालने के लिए क्यूआरटी टीम को मौके पर बुलाया गया। प्रभारी डीएसपी सिटी अनिमेष गुप्ता भी घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों से शांत रहने की अपील की लेकिन उपद्रव लगातार बढ़ता गया।

इधर हालात को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया।कई थाना के थाना प्रभारी सदलबल मौके पर मौजूद थे। अधिकारियों ने लोगों ने शांति व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया। फिलहाल मामला शांत है।

क्या है मामला:
बताया गया कि हर रविवार मिशनरीज में संत रवि सिंह की ओर से प्रार्थना का आयोजन किया जाता हैं। इसका नाम महाअभिषेक की प्रार्थना दिया गया है। रविवार के दिन काफी संख्या में लोग प्रार्थना करने पहुंचे थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मिशनरीज द्वारा इस कार्यक्रम व प्रार्थना सभा के जरिए भोले-भाले लोगों को पैसों का लालच देकर धर्म परिवर्तन करवाया जा रहा है।लोगों को उनके कष्टों से मुक्ति का झूठा आश्वासन दिया जाता है। इस मामले में पूर्व में कई बार शिकायत की गई लेकिन पुलिस ने इसका संज्ञान नहीं लिया। कोरोना काल में भी यह कार्यक्रम चलता रहा। इसमें भारी भीड़ होती रही।

इस सम्बंध में गोलमुरी थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने कहा कि चंगाई सभा का आयोजन लंबे समय से हो रहा है।कुछ हिन्दू संगठनों के लोगों का आरोप है कि यहां धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है लेकिन अब तक धर्म-परिवर्तन कराए जाने का एक भी मामला सामने नहीं आया है। रविवार को कुछ लोगों ने इसी को लेकर कार्यक्रम के दौरान हंगामा किया। मामला शांत है।मामले छानबीन की जा रही है।

इधर फ़िलहाल पुलिस ने हिंसा को काबू में कर लिया है इसकी जानकारी देते हुए सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट ने बताया कि दोनों पक्षों की बातों को सुना गया है, दोनों के आरोपों की जांच की जा रही है, जो भी पक्ष दोषी होंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाई की जाएगी।वहीं पुलिस ने धर्मान्तरण कराने वाले रवि सिंह को हिरासत में ले लिया है, जिसे पूछताछ के लिए अपने साथ थाने ले गयी।