Ranchi:आरा गेट ब्रिज से नाबालिग छात्र-छात्रा ने लगाई छलांग, मचा हड़कंप; देखने के लिए रुके वाहन तो लगा लंबा जाम

राँची। टाटीसिलवे थाना क्षेत्र का आरा गेट ब्रिज गुरुवार की दोपहर अचानक अफरा-तफरी का केंद्र बन गया। यहां एक नाबालिग युवक और युवती ने पुल से नीचे छलांग लगा दी। गनीमत रही कि दोनों को गंभीर चोट नहीं आई और फिलहाल दोनों खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

घटना गुरुवार दोपहर करीब चार बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार दोनों चुटिया इलाके के रहने वाले हैं और टाटीसिलवे स्थित एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान में पढ़ते हैं। बताया गया कि दोनों ऑटो से आरा गेट ब्रिज के पास पहुंचे। कुछ देर बाद दोनों ने पुल से नीचे छलांग लगा दी।

अचानक हुई इस घटना के बाद पुल पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। गुजर रहे छोटे-बड़े वाहनों के चालक और राहगीर घटना को देखने के लिए रुकने लगे। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की कतार लग गई और आरा गेट ब्रिज पर लंबा जाम लग गया।

सूचना मिलते ही टाटीसिलवे पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों के अनुसार दोनों को चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत खतरे से बाहर है।

इधर, घटना की जानकारी मिलने पर संबंधित शैक्षणिक संस्थान के पदाधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और दोनों का हालचाल लिया। दोनों ने आखिर पुल से छलांग क्यों लगाई, इसके पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।

टाटीसिलवे थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हंसे उरांव ने बताया कि मामले में अब तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है।

 

error: Content is protected !!