छेड़खानी की शिकायत पर थाना पहुंची नाबालिग, देर रात मचा बवाल; दो पक्ष आमने-सामने, पुलिस ने भांजी लाठी

 

गिरिडीह।ज़िले के पचंबा थाना परिसर में गुरुवार की देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नाबालिग से कथित छेड़खानी के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पहुंचे लोगों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते थाना परिसर में दो पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी से शुरू हुआ विवाद नोकझोंक तक पहुंच गया।स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़की अपने साथ हुई कथित छेड़खानी की शिकायत लेकर पचंबा थाना पहुंची थी। उसके साथ भाजपा नेता सह वार्ड पार्षद संजीव सिंह गुड्डू भी मौजूद थे। इसी दौरान पचंबा वार्ड नंबर-2 के पार्षद लालो राइन भी कुछ लोगों के साथ थाना पहुंचे। थाना परिसर में दोनों पक्षों के लोगों के आमने-सामने आने के बाद माहौल गर्म हो गया।कुछ ही देर में वहां मौजूद लोगों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते भीड़ दो पक्षों में बंट गई और मामला धक्का-मुक्की व नोकझोंक तक पहुंच गया। स्थिति को नियंत्रण से बाहर जाता देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया और भीड़ को थाना परिसर से बाहर खदेड़ा। इस दौरान पुलिस को लाठी भी भांजनी पड़ी, जिसके बाद किसी तरह स्थिति शांत हुई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय, उपाध्यक्ष नवीन सिन्हा, भाजपा नेता दिनेश यादव, आजसू नेता कम्पू यादव समेत कई नेता और कार्यकर्ता पचंबा थाना पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी रूपेंद्र कुमार राणा और इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन भी थाना पहुंचे।इसके बाद थाना के स्वागत कक्ष में पुलिस अधिकारियों और भाजपा-आजसू नेताओं के बीच लंबी बैठक हुई। बैठक के दौरान भाजपा नेताओं ने नाबालिग की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस के समक्ष अपनी नाराजगी जताई।

भाजपा नेता दिनेश यादव ने कहा कि क्षेत्र में लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और भाजपा कार्यकर्ताओं में भी सुरक्षा को लेकर चिंता है। नेताओं ने मांग रखी कि नाबालिग से कथित छेड़खानी के मामले में आरोपी युवक, उसके पिता और उसे संरक्षण देने वाले लोगों के खिलाफ भी तत्काल कार्रवाई की जाए।

बैठक के दौरान डीएसपी रूपेंद्र कुमार राणा ने नेताओं को भरोसा दिलाया कि नाबालिग के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपी कोई भी हो, कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के इस आश्वासन के बाद देर रात करीब एक बजे भाजपा नेता और कार्यकर्ता थाना से बाहर निकले। हालांकि, थाना परिसर में देर रात हुए इस हंगामे ने इलाके की कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस की कार्रवाई और जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।

 

error: Content is protected !!