किराए के मकान में महिला से दुष्कर्म का आरोप, विरोध करने पर बेरहमी से पिटाई; टूटा पैर, दो आरोपी गिरफ्तार
हजारीबाग।जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। मारपीट के दौरान महिला का पैर टूट गया है। मामले में पुलिस ने नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
पीड़िता के अनुसार, वह कटकमदाग थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करती है। उसके पड़ोस में बिहार के कुछ युवक किराए पर रहते हैं। पीड़िता की पहचान पड़ोस में रहने वाले एक युवक से थी। महिला का आरोप है कि इसी पहचान का फायदा उठाते हुए युवक उसके घर में घुसा और उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद कुछ लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने दरवाजा खुलवाया और महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान महिला को गंभीर चोटें आईं और उसका पैर टूट गया।घटना के बाद परिजनों ने महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और कटकमदाग थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी के अनुसार, मामले में नामजद आरोपी विकास राय और रूदल कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य आरोपों और लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि महिला का मेडिकल टेस्ट कराया गया है। दुष्कर्म की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, घायल महिला के परिजनों ने शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के प्रबंधन पर इलाज में कथित लापरवाही का आरोप लगाया है। हालांकि अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।फिलहाल पुलिस मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

