‘सोनू भैया’ के जाने से भावुक हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बोले- आपकी कमी हमेशा महसूस होगी
राँची। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन की खबर ने झारखण्ड के राजनीतिक गलियारे को गमगीन कर दिया है। अपने करीबी साथी और बड़े भाई समान सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भावुक हो उठे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक मार्मिक संदेश साझा कर सोनू को अपना ‘बड़ा भाई’ बताया।
हेमंत सोरेन ने लिखा कि देर रात उन्हें अपने बड़े भाई और प्रिय सुदिव्य कुमार सोनू के निधन की दुखद खबर मिली। इस खबर को स्वीकार कर पाना उनके लिए बेहद कठिन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनू भैया उनके लिए सिर्फ वरिष्ठ साथी या राजनीतिक सहकर्मी नहीं थे, बल्कि स्नेह देने वाले, मार्गदर्शन करने वाले और हर कठिन समय में मजबूती से साथ खड़े रहने वाले बड़े भाई थे।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में सुदिव्य कुमार सोनू के झारखण्ड आंदोलन से जुड़े संघर्ष को भी याद किया। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौर से ही सोनू स्मृति-शेष दिशोम गुरु शिबू सोरेन के साथ पूरी निष्ठा और मजबूती से खड़े रहे। झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के समर्पित सिपाही के रूप में उन्होंने अपना पूरा जीवन झारखण्ड की अस्मिता, अधिकार और स्वाभिमान की लड़ाई को समर्पित कर दिया।
हेमंत सोरेन ने कहा कि सोनू भैया का जाना उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। उनकी कमी हमेशा महसूस होगी। उनके स्नेह, संघर्ष और झारखंड के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को वह जीवनभर अपने साथ लेकर चलेंगे।अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने बेहद भावुक होकर लिखा—
“आप हमेशा याद आएंगे भैया….”
डॉक्टर ने बताया, अस्पताल पहुंचने के बाद भी बचाने की कोशिश हुई
वहीं, अस्पताल में इलाज के दौरान मौजूद डॉक्टर ने बताया कि सुदिव्य कुमार सोनू को गंभीर स्थिति में अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकों की टीम ने उन्हें बचाने के लिए आवश्यक चिकित्सा प्रयास किए, लेकिन उनकी स्थिति बेहद गंभीर थी और उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टर के बयान के मुताबिक, उनके निधन से अस्पताल में मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए।

