लातेहार:नक्सलियों ने रेलवे प्रोजेक्ट साइट पर अंधाधुंध फायरिंग की,कई लोग घायल,एक युवक की स्थिति नाजुक…

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के माल्हन में शुक्रवार दोपहर बाद माओवादियों ने रेलवे प्रोजेक्ट साइट पर जमकर गोलीबारी की।बताया जाता है कि मालन केंदुआटांड़ जगह में हुई इस गोलीबारी में रेलवे में कार्यरत तीन से चार ठेका कर्मियों को गोली लगी है।गोली लगने से तीन लोग बुरी तरह घायल हो गये।बताया जा रहा है भाकपा माओवादी के दस्ते ने इस घटना को अंजाम दिया है।बताया जा रहा है कि नक्सलियों की ओर से की गयी फायरिंग में बिहार के औरंगाबाद के मूल निवासी शिव कुमार यादव (उम्र 23 वर्ष) के सीने में दो गोली लगी है।विशेश्वर यादव (उम्र 23 साल) के पैर में गोली लगी है। वहीं विकास यादव (उम्र 23 साल) को भी गोली लगी है। विशेश्वर यादव और विकास यादव ग्राम सिरम बालूमाथ के रहने वाले हैं।बताया गया कि करीब एक दर्जन की संख्या में आये माओवादियों ने रेलवे साइट पर अंधाधुंध फायरिंग कर वहां दहशत फैलाया।सूचना मिलते ही पुलिस बल को वहां भेजा गया। पुलिस माओवादियों की धरपकड़ में जुट गयी है।इधर घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है।

बता दें कि थर्ड रेलवे लाइन विस्तारीकरण का काम यहां केईसी कंपनी को मिला है।कंपनी ने सब कॉन्ट्रेक्टर जेजीबी कंपनी को कार्य पेटी कांट्रेक्ट पर दे रखा है। शुक्रवार को साइट पर गार्डवाल निमार्ण का काम जारी था। इसी क्रम में 15-20 की संख्या में सादे लिबास में उग्रवादी पहुंचे। साइट इंजीनियर शिवकुमार को अपने कब्जे में लेकर उसे तीन गोली मार दी। अंधाधुंध गोलीबारी में मजदूर विशेश्वर यादव व विकास यादव को भी गोली लगी है। सूचना के बाद पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को रिम्स रेफर कर दिया गया है।

घटना के संबंध में साइट इंजीनियर प्रियांशु ने बताया कि 173 किमी पर काम चल रहा था। इसी बीच उग्रवादी पहुंचे. दो-तीन गुट में बंटकर कार्य कर रहे लोगों को अपने कब्जे में ले लिया। एक कर्मचारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि उग्रवादियों ने एक पर्चा भी वहां छोड़ा है। इसमें भाकपा माओवादी का जिक्र है। कहा गया है कि तुम्हारे जीएम से बात हुई थी। अब तक पैसा नहीं मिला है। इस कारण हमें फौजी कार्रवाई करनी पड़ी। जब तक लेवी की रकम नहीं दी जाती, तब तक काम बंद रहेगा। हालांकि पुलिस ने पर्चा की पुष्टि नहीं की है।