हाजीपुर से मुर्गा लेकर राँची आ रहा था,रास्ते में 2.30 लाख के मुर्गे और वाहन लूट,कार सवार आधा दर्जन डकैतों ने दिया घटना को अंजाम

गया।बिहार के गया जिले के गया-खिजरसराय पटना मुख्य मार्ग पर आइमा गांव के पुल के निकट शुक्रवार की देर रात कार सवार हथियारबंद डकैतों ने 2 लाख 30 हजार रुपये के मुर्गे लूट ले गए हैं। डकैतों ने सभी मुर्गे पीकअप वाहन समेत लूट ले गए हैं। पुलिस अब न केवल मुर्गों की बल्कि मुर्गों को लूटने वाले डकैतों की भी तलाश में जुट गई है।इस सम्बंध में खिजरसराय थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि घटना देर रात के करीब एक बजे के आसपास की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मुर्गा ढोने वाले पीकअप का चालक मुंगेर का रहने वाला है।खिजरसराय थाना में मुर्गा ढोने वाले पीकअप वाहन के चालक राजु कुमार की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक बीती रात वह हाजीपुर से मुर्गों की खेप लेकर राँची के लिए निकला था। वह पटना खिजरसराय गया मुख्य मार्ग होते से राँची के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में खिजरसराय के आइमा के निकट कार सवार अपराधियों ने ओवर टेक कर पहले मुर्गा ढो रहे वाहन को रुकवाया और फिर मुर्गा ढो रहे वाहन के चालक ने जब अपनी गाड़ी रोक दी तो इंडिका कार में से करीब छह लोग उतरे और ड्राइवर के साथ मारपीट करते हुए वाहन से उसे नीचे उतार दिया।
साथ ही पिकअप वाहन को लेकर तीन डकैत फरार हो गए। शेष तीन कार से ही भाग निकले। सभी डकैत हथियार से लैस थे। रात के समय किसी तरह से मुर्गा ढोने वाले वाहन का चालक खिजसराय थाने की पुलिस संपर्क किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल आइमा पुल का मौका मुआयना किया।