Jharkhand:जमीन विवाद में चाचा की हत्या भतीजे ने कर दी,दोनों पक्ष के कई लोग घायल,पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.

गढ़वा।जिले के सदर थाना क्षेत्र के तिलदाग गांव में सोमवार की रात अवधेश शर्मा (55) की हत्या उसके सगे भतीजा ने कर दी। मामला भूमि विवाद का बताया जा रहा है। इस घटना में दोनों पक्ष की दो-तीन महिलाओं समेत चार लोग घायल हुए हैं। घायलों में मृतक की पत्नी सुनीता देवी, पुत्री चंचला कुमारी तथा दूसरे पक्ष के अरुण शर्मा व उसकी पत्नी रिंकी देवी शामिल हैं। सभी घायलों को सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान अवधेश शर्मा ने दम तोड़ दिया।जबकि अन्य घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।मिली जानकारी के अनुसार अवधेश शर्मा के भाई के पुत्र अरुण शर्मा ने पुराने मकान से हटकर नया मकान बनाया है। उसी के बगल में अवधेश शर्मा को हिस्से में जमीन मिली है। बताया गया कि अरुण शर्मा उक्त जमीन में घर का पानी बहाता था। इसे लेकर पहले भी कई बार मृतक व उसके परिजनो से मारपीट भी की थी।देर शाम को भी दोनों पक्ष में नोंकझोंक हुई थी। मृतक की पुत्री चंचला कुमारी ने बताया कि अरुण शर्मा रात को करीब साढ़े सात बजे उसके घर का दरवाजा खोलवाया था।उसके पिता अवधेश शर्मा द्वारा दरवाजा खोलते ही अरुण शर्मा ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया। इस बीच अवधेश की पत्नी सुनीता देवी व पुत्री चंचला कुमारी भी पहुंच गई। इस बीच अरुण के साथ आए उसके पिता राजेंद्र शर्मा, पत्नी रिंकी देवी, पुत्र सूरज व ओम प्रकाश, बहन कांति देवी, सदर थाना क्षेत्र के जाटा गांव का उसका बहनोई चल्लु शर्मा तथा अरुण का साला पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के लोइयां गांव निवासी लक्ष्मण विश्वकर्मा ने मिलकर मारपीट कर इन तीनों को घायल कर दिया।बताया गया कि अवधेश को कुदाल से शरीर पर कई जगह प्रहार किया गया था। इधर, दूसरे पक्ष के अरुण शर्मा ने बताया कि बरसात में उसके घर का पानी अवधेश के खेत में चला जाता था। इसे लेकर अक्सर झगड़ा होता था। घटना के दिन इसी बात को लेकर नोंकझोंक होते-होते मारपीट की घटना हो गई। सदर थाना पुलिस ने अवधेश शर्मा के शव का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर उसके परिजनों को सौंप दिया है। इस मामले में दोनों पक्ष द्वारा एक दूसरे के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।