राँची,जमशेदपुर,देवघर से गिरफ्तार साइबर अपराधियों का खुलासा:18 राज्यों में फैला है ठगी का नेटवर्क,अबतक 20 करोड़ रुपए का कर चुके है फ्रॉड

  • गिरोह का सरगना झारखण्ड के देवघर का रहने वाला,राँची से दो और जमशेदपुर से एक की हुई है गिरफ्तारी, 700 ऑपरेटर काम करते है इनके गिरोह में

— गिरफ्तार अभियुक्तों से अबतक पुलिस ने 300 मोबाइल सेट, 10 लाख रुपए नगद किए है जब्त, अन्य की गिरफ्तारी के लिए बनी टीम कर रही है छापेमारी

राँची।ऑन लाइन साइबर ठगी के एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश एमपी पुलिस ने राँची पुलिस के सहयोग से किया है। इस गिरोह में झारखण्ड के भी शातिर साइबर अपराधी शामिल है। मध्य प्रदेश की बालाघाट की पुलिस ने राँची पुलिस के सहयोग से अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पटेल चौक हरमू से सोमवार को सुशांत कुमार, संत फ्रांसिस स्कूल हरमू के समीप से प्रभात कुमार और जमशेदपुर से विकास कुमार को गिरफ्तार किया था। इन साइबर अपराधियों ने पुलिस को चौकाने वाले खुलासे किए है। अबतक इन लोगो ने 20 करोड़ का साइबर फ्राड किया है। 18 राज्यों में इनका नेटवर्क चल रहा है। पुलिस ने अबतक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 300 मोबाइल सेट और 10 लाख रुपए नगद जब्त किया है। आठ अभियुक्तों की गिरफ्तारी राँची, जमशेदपुर, देवघर, आंध्रप्रदेश के चितूर और बालाघाट से हुई है।

गिरोह में पढ़े लिखे टेक्नोलॉजी के जानकार अॉपरेटर

पकड़े गए अभियुक्तों ने पुलिस को बताया की गिरोह में पढ़े लिखे जो टेक्नोलॉजी के जानकार है उन्हें ही रखा जाता है। गिरोह में 700 ऑपरेटरों को अलग अलग राज्यों में रखा गया है। ये सभी ओटीपी, क्रेडिट कार्ड, ई कामर्स में धोखाधड़ी-ठगी करने में मास्टर है। इनके ठगी का तरीका भी नया था। ये पहले आम लोगो को झांसा में देकर एटीएम इनवैलिड होने वाला है, क्रेडिट कार्ड, व केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी करते। फिर उनसे ठगी किए जाने वाले पैसे से ये अॉन लाइन कंपनियों से मार्केट में डिमांड में रहने वाला मोबाइल फोन जो सिर्फ अॉन लाइन बिकते थे उसकी बुकिंग करते। फिर मोबाइल को ये दुकानदारों को बेच नगद पैसे ले लेते। इस पूरे कांड का खुलासा तब हुआ जब एमपी पुलिस ने बालाघाट से दो साइबर अपराधियों मनोज राणा और हुकुम बिसेन को गिरफ्तार किया।

झारखण्ड में तीन जगहों पर एमपी पुलिस ने की एक साथ छापेमारी

मामले का खुलासा होने के बाद मध्य प्रदेश की पुलिस ने एक साथ झारखखण्ड के तीन जिलों राँची, जमशेदपुर और देवघर में छापेमारी की। गिरोह का सरगना झारखण्ड के देवघर का निकला। अबतक जिनकी गिरफ्तारी हुई है उनमें देवघर का सरगना संजय महतो, राँची का सुशांत कुमार, प्रभात कुमार, जमशेदपुर का विकास कुमार उर्फ नितिन कुमार, बालाघाट का हुकुम सिंह बिसेन, मनोज राणा, आंध्रप्रदेश चितूर का हरि और श्रवण कुमार शामिल है।