Jharkhand:राँची के ठेकेदार अरविंद सिंह की मौत मामले में 3 पर हत्या का नामजद केस दर्ज

राँची।हरमू कॉलोनी स्थित सी-55 में रहने वाले ठेकेदार अरविंद सिंह (49) की गढ़वा जिले के भवनाथपुर में गोली लगने से मौत हो गई थी। इस मामले में भवनाथपुर थाने में तीन लोगों के विरुद्ध हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इनमें मोरहाबादी निवासी धनंजय सिंह, कुज्जू के सीसीएलकर्मी अवधबिहारी सिंह और रामगढ़ निवासी विनय सिंह शामिल हैं। इन सभी पर षड्यंत्र के तहत अरविंद की हत्या करने का आरोप है। इन पर आईपीसी की धारा 302, 201, 120बी, 34 और 27 आर्म्स एक्ट के तह मामला दर्ज किया गया है।

प्राथमिकी पांकी, पलामू के नीमचक निवासी व अरविंद सिंह के रिश्तेदार अभय कुमार चौहान ने दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि 9 दिसंबर की रात 11.30 बजे नीलू सिंह के गेस्ट हाउस में शादी कार्यक्रम में गोली चली। गोली अरविंद सिंह को लगी। जिन्हें घायल अवस्था में सदर अस्पताल पलामू में इलाज के लिए ले जाया गया। जहां उनकी मृत्यु हो गई। घटना के दौरान मृतक के साथ इन तीनों नामजद के अलावा कुछ अज्ञात अपराधी व संदिग्ध लोग भी थी। इस मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी भवनाथपुर थाना के दारोगा संजय बेदिया को जांच पदाधिकारी बनाया गया है। इधर शुक्रवार को अरविंद सिंह का अंतिम संस्कार हरमू मुक्ति धाम में किया गया।

हथियार भी बरामद नहीं कर सकी है पुलिस, एसआईटी गठित

घटना के 24 घंटे से अधिक बीतने के बाद भी इस मामले में अभी तक भवनाथपुर पुलिस हथियार तक बरामद नहीं कर सकी है जिससे गोली चली थी। इधर मामले के अनुसंधान के लिए एक एसआईटी का गठन गढ़वा एसपी द्वारा किया गया है। पुलिस ने घटना स्थल से सीसीटीवी फुटेज निकाला है। जिसके आधार पर अनुसंधान शुरू किया गया है। हालांकि इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। घटना के बाद मृतक अरविंद सिंह के छोटे भाई आरके सिंह ने भी धनंजय सिंह पर आरोप लगाया था कि उन्होंने ही नशे में धूत होकर गोली चलाई। जो उनके भाई के जांघ में लगी और उनकी मौत हो गई। धनंजय सिंह रांची के मोरहाबादी में रहते है और मृतक अरविंद सिंह के स्कूल के दोस्त रहे है।