पलामू में ACB की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई: 30 साल पुराने भ्रष्टाचार मामले में रिटायर्ड अफसरों और ठेकेदारों समेत 6 गिरफ्तार…कई फरार

​राँची/पलामू। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने पलामू जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को एसीबी की विशेष टीम ने जिले के छतरपुर, नौडीहा बाजार और चैनपुर थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर यह सफलता हासिल की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कई सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी (लोक सेवक) और ठेकेदार शामिल हैं, जबकि कार्रवाई के दौरान कई अन्य आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।

​यह पूरा मामला करीब तीन दशक पुराना है, जब पलामू क्षेत्र अविभाजित बिहार का हिस्सा हुआ करता था। उस दौरान छतरपुर और नौडीहा बाजार क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं के तहत बड़े पैमाने पर सड़क और कूप (कुआं) निर्माण की स्वीकृति दी गई थी। इन योजनाओं के निष्पादन के दौरान भारी वित्तीय अनियमितता और गबन के गंभीर आरोप लगे थे। मामले में शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने साल 2016 में केस संख्या 27/16 दर्ज कर आधिकारिक जांच शुरू की थी।

​पिछले कई वर्षों से एसीबी इस मामले की गहनता से जांच कर रही थी और कानूनी साक्ष्य एकत्र करने में जुटी थी। पर्याप्त सबूत जुटाने के बाद गुरुवार को विशेष टीम ने आरोपियों के ठिकानों पर अचानक दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल एसीबी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर कागजी कार्रवाई के बाद देर शाम जेल भेज दिया है। वहीं फरार हुए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

error: Content is protected !!