नामकुम में सड़क निर्माण पर सेना और ग्रामीण आमने-सामने, कोचा टोली में फिर बढ़ा विवाद
राँची। राजधानी राँची के नामकुम थाना क्षेत्र स्थित कोचा टोली में सड़क निर्माण को लेकर एक बार फिर ग्रामीणों और सेना के बीच विवाद गहरा गया है। सेना के जवानों द्वारा निर्माण कार्य रोक दिए जाने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण निर्माण स्थल पर जुट गए और दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस होती रही।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव की पुरानी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन सेना के जवान इसे रोक रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क सेना की जमीन पर नहीं है और न ही निर्माण के दौरान सेना की जमीन पर किसी तरह का अतिक्रमण किया जा रहा है। इसके बावजूद सड़क निर्माण में बाधा पहुंचाई जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की बदहाली के कारण उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासकर बरसात के मौसम में रास्ता बेहद खराब हो जाता है। बच्चों का स्कूल पहुंचना मुश्किल हो जाता है, वहीं किसी के बीमार पड़ने पर अस्पताल ले जाने में भी काफी दिक्कत होती है।
सेना ने 10 मीटर दूरी का दिया हवाला
दूसरी ओर, सेना के जवानों का कहना है कि उनकी बाउंड्री से कम से कम 10 मीटर की दूरी तक किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं होना चाहिए। सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए सेना की ओर से इसी आधार पर सड़क निर्माण का विरोध किया जा रहा है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई है।
प्रशासन से सीमांकन कराने की मांग
विवाद बढ़ने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सड़क और सेना की जमीन की मापी कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक जमीन की वास्तविक सीमा स्पष्ट नहीं होगी, तब तक विवाद खत्म होना मुश्किल है। ग्रामीण चाहते हैं कि प्रशासन दोनों पक्षों के साथ बैठकर स्थायी समाधान निकाले, ताकि वर्षों से इस्तेमाल हो रहे रास्ते का निर्माण पूरा हो सके और गांव के लोगों को आवागमन की परेशानी से राहत मिले।

