खूँटी में दरिंदगी से मचा हड़कंप: घुमाने और घर छोड़ने का झांसा देकर दो सगी नाबालिग बहनों से सामूहिक दुष्कर्म, तीसरी बच्ची ने शोर मचाकर बचाई जान; तीन गिरफ्तार, चौथा फरार
खूँटी।झारखण्ड के खूँटी जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक गंभीर वारदात सामने आई है। घुमाने और घर छोड़ने का भरोसा दिलाकर तीन नाबालिग बच्चियों को अपने साथ ले गए आरोपियों ने ऐसी साजिश रची कि दो सगी बहनें सामूहिक दुष्कर्म की शिकार हो गईं। आरोपियों ने रास्ते में अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया और बच्चियों को अलग-अलग सुनसान जगहों पर ले गए। इस दौरान तीसरी बच्ची ने रोना-चिल्लाना शुरू किया तो आरोपी उसे छोड़कर भाग निकले। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
एक सप्ताह पहले हुई थी पहचान, फिर बनाया भरोसे का फायदा उठाने का प्लान
प्राथमिकी के अनुसार, पीड़ित बच्चियों की पहचान करीब एक सप्ताह पहले एक युवक से हुई थी। सोमवार को उसी युवक ने तीनों नाबालिग बच्चियों को घुमाने और घर छोड़ने का झांसा दिया। इसके बाद स्कूटी और बाइक से उन्हें मुरहू क्षेत्र से मारंगहादा इलाके की ओर ले जाया गया। इनमें दो सगी बहनें मुरहू थाना क्षेत्र की रहने वाली थीं, जबकि तीसरी बच्ची सायको क्षेत्र की निवासी थी।
रास्ते में बुलाए साथी, सुनसान ठिकानों पर ले जाकर की दरिंदगी
आरोप है कि रास्ते में युवक ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद तीनों बच्चियों को अलग-अलग सुनसान स्थानों पर ले जाया गया। यहां दो सगी बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। वहीं, तीसरी बच्ची के रोने और शोर मचाने पर आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह बच्चियों ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में, चौथे की तलाश में छापेमारी
परिजनों की शिकायत पर महिला थाना में पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों गोपाल मुंडा उर्फ राहुल मुंडा (19), मनीष लोहरा और मनसा टुटी को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपी बालिग बताए गए हैं। वहीं, चौथा आरोपी प्रभु सहाय (26) अब भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
महिला थाना सह एएचटीयू थाना प्रभारी निशा कुमारी ने तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।खूँटी डीएसपी मंगल सिंह जामुदा ने भी बताया कि घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस पीड़ित बच्चियों की मेडिकल जांच समेत अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

