हजारीबाग: शादी की खुशियों के बीच होटल में घुसे दो हमलावर, बिट्टू पर बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां; मौके पर मौत, एक गंभीर

 

हजारीबाग। झारखण्ड के हजारीबाग में शादी समारोह के दौरान हुई गोलीबारी ने पूरे शहर को दहला दिया है। सदर थाना क्षेत्र के जिला परिषद चौक से आगे डीवीसी स्थित उपकार होटल में मंगलवार की देर रात दो युवक अचानक पहुंचे और शादी समारोह के बीच एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगते ही युवक ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मौके से निकल गए। घटना के बाद शादी की खुशियां चीख-पुकार और मातम में बदल गईं।

मृतक की पहचान हुरहुरू के बाबा पथ निवासी अर्णव सिंह उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है। वहीं, गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अंकित का इलाज राँची के एक अस्पताल में चल रहा है। बेहतर इलाज के लिए उसे हजारीबाग से रांची रेफर किया गया है।

बारात का द्वार लगते ही होटल में गूंजने लगीं गोलियां

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात करीब 11 बजे उपकार होटल में शादी समारोह चल रहा था। बारात का द्वार लगने के तुरंत बाद अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोलियों की आवाज से समारोह में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान अर्णव सिंह उर्फ बिट्टू को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। वह मौके पर ही गिर पड़ा। गोलीबारी में अंकित भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

न बाराती थे, न सराती, फिर किस मकसद से पहुंचे थे दोनों युवक?

इस वारदात को लेकर पुलिस सूत्रों से जो जानकारी सामने आ रही है, वह कई सवाल खड़े करती है। बताया जा रहा है कि गोली चलाने वाले दोनों युवक न तो बाराती पक्ष के थे और न ही सराती पक्ष के। समारोह में मौजूद लोग भी उन्हें पहचान नहीं सके। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक सीधे बिट्टू के पास पहुंचे और उस पर गोलियां चला दीं। इससे आशंका जताई जा रही है कि हमलावर किसी खास मकसद से वहां पहुंचे थे और उन्हें बिट्टू के बारे में पहले से जानकारी थी। हालांकि, यह पहलू अभी जांच का विषय है।

CCTV फुटेज से खुलेगा हमलावरों का राज

घटना के बाद पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों युवक होटल में किस रास्ते से दाखिल हुए, वारदात के बाद किस दिशा में निकले और उनका कोई सहयोगी बाहर मौजूद था या नहीं। हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

लड़की पक्ष हजारीबाग, लड़का पक्ष चतरा का

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शादी में लड़की पक्ष हजारीबाग के बाबा पथ, हुरहुरू का रहने वाला है, जबकि लड़का पक्ष चतरा जिले के सिमरिया का बताया जा रहा है। समारोह में दोनों पक्षों के रिश्तेदार और परिचित मौजूद थे। लेकिन इस बीच दो अज्ञात युवकों का पहुंचना और सीधे बिट्टू को निशाना बनाकर गोली चलाना पूरे मामले को संदिग्ध बना रहा है।

पुरानी रंजिश या सुनियोजित हत्या? जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह सामने नहीं आई है। शुरुआती स्तर पर पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अर्णव सिंह उर्फ बिट्टू की किसी से पहले से दुश्मनी थी या फिर इस वारदात के पीछे कोई दूसरी वजह है।

पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज के अलावा आसपास के कैमरों की भी जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, मृतक के परिजनों और परिचितों से भी जानकारी जुटाई जा सकती है, ताकि हत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।

शादी समारोह में सुरक्षा को लेकर भी उठे सवाल

शहर के बीचोंबीच एक होटल में शादी समारोह के दौरान इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर दो हमलावर हथियार लेकर होटल के अंदर कैसे पहुंचे? उन्हें किसने प्रवेश कराया? क्या वे पहले से बिट्टू की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे? और वारदात के बाद वे किस रास्ते से भागे? ये ऐसे सवाल हैं, जिनका जवाब पुलिस की जांच के बाद ही मिल सकेगा।

फिलहाल अर्णव सिंह उर्फ बिट्टू की हत्या से हजारीबाग में सनसनी है। एक तरफ परिवार में मातम पसरा है, तो दूसरी तरफ शादी समारोह में शामिल लोग इस खूनी वारदात से सहमे हुए हैं। पुलिस का अगला कदम हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी है।

 

 

error: Content is protected !!