हजारीबाग में NIA की बड़ी कार्रवाई, दो ठिकानों पर सुबह-सुबह छापेमारी; उदय साव और प्रदीप साव के घर खंगाल रही टीम

 

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग में बुधवार की सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया। NIA की टीम ने शहर के हरहुरू क्षेत्र स्थित शहीद सुभाष बारला मार्ग पर दो अलग-अलग आवासों में एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया। ये दोनों मकान उदय साव और प्रदीप साव के बताए जा रहे हैं। सुबह-सुबह केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम के पहुंचने से इलाके में हलचल तेज हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, उदय साव और प्रदीप साव मूल रूप से बिहार के रहने वाले बताए जाते हैं। दोनों ने हाल के दिनों में हजारीबाग के हरहुरू इलाके में अपने मकान बनवाए हैं। बुधवार सुबह NIA की टीम दोनों के आवास पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। फिलहाल दोनों ठिकानों पर तलाशी अभियान जारी है।

 

NIA की टीम किन मामलों की जांच के सिलसिले में यहां पहुंची है और उदय साव व प्रदीप साव से जुड़े किन पहलुओं को खंगाला जा रहा है, इसकी आधिकारिक जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। जांच एजेंसी की ओर से भी छापेमारी को लेकर कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। तलाशी के दौरान किसी दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या अन्य सामान की बरामदगी हुई है या नहीं, इसकी भी पुष्टि नहीं हो सकी है।फिलहाल NIA की कार्रवाई जारी है। छापेमारी पूरी होने और जांच एजेंसी की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही इस कार्रवाई के पीछे की वजह और पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

error: Content is protected !!