IIT-ISM कैंपस में मजदूर की संदिग्ध मौत से हड़कंप, निर्माणाधीन बिल्डिंग के दूसरे तल्ले पर मिला शव;पत्नी से विवाद की चर्चा

 

धनबाद। देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान आईआईटी-आईएसएम के परिसर में मंगलवार को एक मजदूर की मौत से सनसनी फैल गई। निर्माणाधीन भवन के दूसरे तल्ले पर 26 वर्षीय ठेका मजदूर नूर हसन का शव मिलने से परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मृतक बिहार के अररिया जिले का रहने वाला था और एक निजी एजेंसी के माध्यम से संस्थान में निर्माण कार्य कर रहा था।

मजदूर का शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर कर्मचारियों और अन्य मजदूरों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना संस्थान के सुरक्षा अधिकारियों और पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए SNMMCH भेज दिया।

फोन पर पत्नी से अक्सर होती थी बहस, कोर्ट तक पहुंचा था मामला

इस घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। सहकर्मियों के मुताबिक, नूर हसन पिछले तीन-चार महीनों से पारिवारिक तनाव में था। गांव से लौटने के बाद वह अक्सर फोन पर अपनी पत्नी से विवाद करता था। दोनों के बीच अनबन इतनी बढ़ गई थी कि मामला अदालत तक पहुंच गया था और मुकदमा भी चल रहा था।हालांकि, पारिवारिक विवाद के कारण ही उसने यह कदम उठाया या घटना के पीछे कोई दूसरी वजह है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

परिजनों को बुलाया गया, उनके पहुंचने के बाद होगी आगे की प्रक्रिया

आईआईटी-आईएसएम के सुरक्षा प्रभारी राम मनोहर सिंह ने बताया कि नूर हसन एक निजी एजेंसी के माध्यम से संस्थान में काम करता था। पत्नी के साथ पिछले तीन महीनों से उसका विवाद चल रहा था और मामला अदालत में विचाराधीन था। घटना की जानकारी उसके परिजनों को दे दी गई है।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के धनबाद पहुंचने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। घटना ने आईआईटी-आईएसएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के परिसर में सुरक्षा और निर्माण कार्य से जुड़े मजदूरों की स्थिति को लेकर भी चर्चा शुरू कर दी है।

 

 

error: Content is protected !!