राँची में TMT सरिया सप्लाई के नाम पर 20 लाख की ठगी–

–सस्ते रेट का झांसा देकर कारोबारी से रकम ट्रांसफर कराई, न माल मिला न पैसा; जान से मारने की धमकी का आरोप

राँची। लोअर बाजार थाना क्षेत्र में सरिया सप्लाई के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। कांटाटोली स्थित यूनाइटेड स्टील ट्रेडिंग के प्रोप्राइटर नौशाद आलम ने इस संबंध में थाना में शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार, नवादा (बिहार) निवासी मो. फारूक आजम खान उनके कार्यालय आए और खुद को TMT सरिया कंपनी का सीएनएफ एजेंट बताते हुए सस्ते दर पर माल उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। भरोसे में लेकर आरोपी ने आरटीजीएस के माध्यम से एक्सिस बैंक से आईसीआईसीआई बैंक खाते में कुल 20 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। आरोप है कि रकम लेने के बाद न तो आरोपी ने सरिया की आपूर्ति की और न ही पैसा वापस किया। बार-बार मांग करने पर आरोपी टालमटोल करता रहा। इतना ही नहीं, पैसा वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

error: Content is protected !!