गिरिडीह; दिनदहाड़े अपहरण,10 लाख की फिरौती मांगने वाले 5 अपराधी चढ़े पुलिस के हत्थे

 

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह पुलिस ने अपहरण और फिरौती के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए महज कुछ घंटों के भीतर अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।जानकारी के अनुसार, गांडेय थाना क्षेत्र के पाण्डेयडीह निवासी इकबाल अंसारी ने शनिवार शाम करीब 7:50 बजे पुलिस को सूचना दी कि उनके चचेरे भाई तसलीम अंसारी (35 वर्ष) का खंडोली के पास से दोपहर करीब 2 बजे मोटरसाइकिल सहित अपहरण कर लिया गया है।अपहरणकर्ताओं ने युवक की रिहाई के बदले 10 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गिरिडीह ने तत्काल SIT का गठन किया। तकनीकी शाखा की मदद से टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चुंजका जंगल, चाईना मोड़ क्षेत्र से अपहृत तसलीम अंसारी को सकुशल बरामद कर लिया।

जांच में सामने आया कि अपराधियों ने फिरौती की रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कराने की कोशिश की थी। पीड़ित से QR कोड के जरिए 24 हजार ट्रांसफर भी करवाए गए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त कर लिए हैं।

पुलिस ने निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
मो. सोहेल (पिपराधोडा, मुफ्फसिल थाना)
मो. आदिल अंसारी (चैताडीह, पचम्बा थाना)
मो. समीर अंसारी (मोहनपुर, मुफ्फसिल थाना)
अफरीदी शाह (मोहनपुर, मुफ्फसिल थाना)
इरशाद अंसारी (चैताडीह, पचम्बा थाना)

पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने राजा और जाफर उर्फ लल्लुआ नामक दो अन्य अपराधियों की संलिप्तता भी स्वीकार की है। दोनों फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
जब्त सामान

पुलिस ने आरोपियों के पास से—
हंटर मोटरसाइकिल (JH11AM-8557)
बुलेट मोटरसाइकिल (JH11AR-6667)
Oppo Reno एवं Vivo Y28 मोबाइल
अपहृत की मोटरसाइकिल (JH11-4694)
बरामद किए हैं।

अपराधियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया

गिरफ्तार आरोपी मो. आदिल अंसारी और मो. समीर अंसारी के खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्यामकिशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, अंचल पुलिस निरीक्षक ज्ञान रंजन कुमार, बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह और पु.अ.नि. विजय मंडल की टीम शामिल रही।

“कुछ घंटों में खुलासा, पुलिस की सक्रियता से बची युवक की जान”

गिरिडीह पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल अपहृत युवक की जान बच गई, बल्कि डिजिटल माध्यम से फिरौती वसूलने वाले गिरोह का भी पर्दाफाश हो गया। इलाके में इस कार्रवाई की चर्चा तेज है।

error: Content is protected !!