Ranchi:पुलिस ने नामकुम थाना क्षेत्र से ब्राउन शुगर और गांजा के साथ चार तस्कर को किया गिरफ्तार
राँची।नामकुम थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही कार्रवाई में पुलिस को सफलता हाथ लगी है।नामकुम पुलिस ने छापेमारी कर चार युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी युवक ब्राउन शुगर और गांजा की अवैध खरीद-बिक्री किया करते थे।
मुख्यालय वन डीएसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बेलबगान स्थित राम हरि गार्डन के पास कुछ व्यक्ति कार में बैठकर मादक पदार्थों की अवैध बिक्री कर रहे हैं।सूचना के सत्यापन करते हुए डीएसपी के नेतृत्व में नामकुम थाना पुलिस घटनास्थल पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की।पुलिस को देख सभी आरोपी भागने लगे।लेकिन मौके से पुलिस ने चार युवकों को पीछा करते हुए पकड़ लिया। जबकि एक अन्य व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो लग्जरी कार, चार मोबाइल फोन, ब्राउन शुगर, गांजा और बैंक से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार तस्करों ने पूछताछ में बताया कि वे एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ गिरोह के सदस्य हैं। यह गिरोह बिहार के सासाराम और झारखण्ड के गढ़वा जिले से ब्राउन शुगर मंगवा कर राँची में पुड़िया बनाकर प्रति पुड़िया 500 रुपए में बेचता था। गिरोह के भीतर बातचीत में ब्राउन शुगर की मात्रा को ‘ढेला’ जैसे कोड वर्ड से संबोधित किया जाता था।आरोपी अपने लेनदेन के लिए ऑनलाइन माध्यमों से भुगतान लेते थे।गिरफ्तार युवकों ने स्वीकार किया कि फरार सरगना ही उन्हें ये प्रतिबंधित पदार्थ उपलब्ध कराता था और वही पूरे गिरोह का संचालन कर रहा है।पुलिस फरार अपराधी की तलाश में छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों मेंं रामगढ़ जिला अंतर्गत राँची रोड स्थित इंद्रा कॉलोनी के 22 वर्षीय अमनदीप कुमार, लातेहार जिला अंतर्गत नेतरहाट स्थित दुर्गा मंदिर बरटोली के 22 वर्षीय अभिषेक कुमार, खूंटी जिला अंतर्गत टंगराटोली के 20 वर्षीय हेमंत गुड़िया। सभी वर्तमान में राँची के नामकुम थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाके में रहते थे। जबकि चौथा आरोपी राँची के लालपुर थाना क्षेत्र के डंगरा टोली का 19 वर्षीय अयुष अनुज कुजूर शामिल है।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने ब्राउन शुगर के 17 पुड़िया, जिसका वजन 10.73 ग्राम, गांजा 24 पुड़िया जिसका वजन 103.36 ग्राम, 3 आईफोन समेत चार मोबाइल और दो कार बरामद किया है।इसके इलावा पुलिस ने विभिन्न बैंक के एटीएम कार्ड और चेक बुक भी बरामद किया है।

