कैसे साफ सुथरा रहेगा तालाब और नदी ? साफ सुथरे तालाबों व नदियों में जहां-तहां पूजन सामग्री के साथ प्लास्टिक फेंक लोग फैला रहे है गंदगी…

 

–छठ को लेकर निगम लगातार सफाई अभियान में है जुटा, तालाबों में अलग से बनाया गया है विसर्जन कुंड, फिर भी लोग प्लास्टिक कचरे से फैला रहे है गंदगी

राँची।छठ महापर्व को लेकर राँची में तैयारियां जोरों पर है। राँची नगर निगम तालाबों व नदियों की लगातार साफ सफाई करवा रहा है। रंग रोगन किए जा रहे है। लेकिन आम लोग लगातार तालाबों व नदियों में गंदगी फैला रहे है। जबकि निगम की ओर से तालाबों में अलग से विसर्जन कुंड बनाया गया है। इसके बावजूद विसर्जन कुंड में लोग सामग्री ना डाल कर तालाब में इधर उधर डाल रहे है। बड़े पैमाने पर लोग प्लास्टिक तालाबों में फेंक कर और प्रदूषण तो बढ़ा ही रहे है और निगम के लिए भी सफाई की समस्या बढ़ा रहे है। सबसे अधिक गंदगी लोग बड़ा तालाब, नायक तालाब चुटिया, बनस तालाब, जेल तालाब और अरगोड़ा तालाब में फैला रहे है। हालांकि निगम के कर्मी लगातार तालाब की सफाई व्यवस्था में लगे हुए।

17 को है नहाय खाय,19 को पहला अर्घ्य

छठ महापर्व 17 नवंबर को नहाय खाय के साथ शुरू हो जाएगा। इस दिन कई छठ व्रती नदी-तालाबों में स्नान व पूजन के लिए जाते है। लेकिन जिस तरह अभी तालाबों की स्थिति बनी हुई है उसे साफ करने के लिए निगम के कर्मियों को युद्ध स्तर पर काम करना होगा। इधर निगम के कर्मी प्रधानमंत्री के राँची दौरे को लेकर लगातार प्रमुख सड़कों की सफाई में लगे हुए है। निगम कर्मियों व अधिकारियों पर साफ सफाई को दोहरा दायित्व अचानक आ गया है।

17 नवंबर शुक्रवार :- नहाय खाय

18 नवंबर शनिवार :- खरना

19 नवंबर रविवार : अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य

20 नवंबर सोमवार : उदयगामी सूर्य को अर्घ्य

निगम ने की आम लोगो से अपील, विसर्जन कुंड में ही डाले सामग्री

राँची नगर निगम ने आम लोगो से अपील की है कि छठ महापर्व को लेकर तालाबों में जहां तहां विसर्जन सामग्री नहीं फेंके। क्योंकि कर्मी लगातार सफाई कर रहे है। उन्हें एक ही स्थान पर कई बार सफाई करनी पड़ रही है। निगम की ओर से कहा गया है कि सभी तालाबों में अलग से विसर्जन कुंड बनाया गया है उसी का इस्तेमाल करे।