चार दिन की तपस्या, 36 घंटे का निर्जला व्रत… उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व संपन्न
राँची।लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ का सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ विधिवत समापन हो गया। सुबह की पहली किरण के साथ ही राजधानी राँची के छोटे-बड़े तमाम छठ घाटों पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हजारों की संख्या में व्रती और श्रद्धालु भगवान भास्कर की आराधना के लिए घाटों पर पहुंचे। चारों ओर छठी मइया के जयकारे और पारंपरिक छठ गीतों की गूंज से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा।
अंधेरे को चीरती सुबह की लालिमा और हाथों में सजे फल, फूल, ठेकुआ और पूजन सामग्री से भरे सूप-दउरे के बीच व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। किसी ने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की तो किसी ने संतान की लंबी उम्र और घर-परिवार के कल्याण के लिए छठी मइया से आशीर्वाद मांगा। घाटों पर उमड़ी भीड़ के बीच आस्था और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला।
रात से ही घाटों पर जुटने लगे थे श्रद्धालु
प्रातःकालीन अर्घ्य को लेकर कई छठ घाटों पर देर रात से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह होते-होते घाटों पर भारी भीड़ जुट गई। परिवार के बुजुर्गों से लेकर बच्चे तक इस महापर्व में शामिल हुए। महिलाएं समूह में छठ गीत गाती नजर आईं। घाटों पर बजते पारंपरिक गीतों और छठी मइया के जयकारों ने माहौल को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया।
चार दिनों तक घर से घाट तक दिखी छठ की रौनक
नहाय-खाय से शुरू हुआ चार दिवसीय यह कठिन अनुष्ठान खरना, संध्या अर्घ्य और फिर उगते सूर्य को प्रातःकालीन अर्घ्य देने के साथ पूरा हुआ। छठ को लेकर राजधानी में पिछले चार दिनों से उत्सवी माहौल बना हुआ था। खास बात यह रही कि राँची में रहने वाले लोगों के साथ दूसरे शहरों और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले परिवार के सदस्य भी इस महापर्व में शामिल होने अपने घर लौटे। इससे घरों से लेकर बाजारों और छठ घाटों तक रौनक बनी रही।
अर्घ्य के बाद बांटा प्रसाद, मांगा आशीर्वाद
सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रतियों ने एक-दूसरे को ठेकुआ और अन्य प्रसाद वितरित किया। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला उपवास का पारण कर चार दिवसीय महापर्व का समापन किया। श्रद्धा, समर्पण और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला छठ एक बार फिर राजधानी राँची में अपनी अनुपम छटा बिखेर गया। उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ घाटों से लौटते श्रद्धालुओं के चेहरों पर संतोष और आस्था की चमक साफ दिखाई दे रही थी।

