राँची में नकली अंग्रेजी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार; नामी ब्रांड की बोतलों में भरकर बिहार-यूपी तक भेजी जा रही थी शराब
–माण्डर में निर्माणाधीन मकान के अंदर चल रहा था अवैध कारोबार, 2880 से अधिक भरी बोतलें और 2000 खाली बोतलें बरामद; कार, पिकअप और पैकेजिंग मशीन भी जब्त
राँची। राजधानी राँची के ग्रामीण इलाके में अवैध अंग्रेजी शराब बनाने और उसे नामी कंपनियों के ब्रांड के नाम पर बाजार में खपाने के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। माण्डर थाना क्षेत्र के मलटोटी गांव में एक निर्माणाधीन मकान के अंदर नकली अंग्रेजी शराब तैयार करने का कारोबार चल रहा था। यहां शराब तैयार करने से लेकर बोतलों में भरने, ब्रांड के स्टीकर लगाने और पैकिंग करने तक की पूरी व्यवस्था की गई थी। पुलिस ने छापेमारी कर मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। भारी मात्रा में तैयार शराब, खाली बोतलें, ढक्कन, ब्रांडेड कंपनियों के स्टीकर, क्यूआर कोड और शराब पैक करने की मशीन बरामद की गई है।

पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है। शुरुआती पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया है कि वे पिछले एक महीने से इस अवैध धंधे में शामिल थे और मांग के अनुसार बिहार, उत्तर प्रदेश तथा झारखंड के दूसरे जिलों में शराब की आपूर्ति करते थे।
गुप्त सूचना पर बनी पुलिस की विशेष टीम
वरीय पुलिस अधीक्षक राँची को सूचना मिली थी कि माण्डर थाना क्षेत्र के मलटोटी गांव में बड़े पैमाने पर अवैध अंग्रेजी शराब का निर्माण और बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण के निर्देशन में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल राय और पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-द्वितीय के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की।
टीम ने तत्काल मलटोटी गांव पहुंचकर संदिग्ध निर्माणाधीन मकान की घेराबंदी की। इसके बाद फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराते हुए छापेमारी शुरू की गई। मकान के हॉल में पुलिस ने पांच लोगों को शराब बनाने के काम में लगे हुए पाया। जब उनसे शराब निर्माण और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने पांचों को हिरासत में ले लिया।
नामी ब्रांड की बोतलों में भरी जा रही थी शराब
छापेमारी के दौरान जो सामान मिला, उससे पुलिस भी हैरान रह गई। मकान के अंदर शराब तैयार करने और उसकी पैकेजिंग करने की पूरी व्यवस्था मौजूद थी। अलग-अलग ब्रांड की बोतलें, ढक्कन, लेबल, स्टीकर और क्यूआर कोड रखे हुए थे। इसके अलावा शराब भरने और बोतलों को सील करने के लिए मशीन भी बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, मौके से OLD BLENDED OLD MONK के 750 एमएल के 2040 भरे हुए बोतल तथा ROYAL MANSION GOLD WHISKY PET के 750 एमएल के 840 भरे हुए बोतल बरामद किए गए। इसके अलावा ROYAL CHALLENGE SELECT PREMIUM WHISKY के 180 एमएल के 14 भरे हुए बोतल भी मिले।
मकान में रखी सिंटेक्स टंकी में करीब 200 लीटर तैयार शराब भरी हुई थी। एक सफेद जार में भी करीब 25 लीटर शराब मिली। शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला करीब 30 किलोग्राम कॉस्टिक कैरेमल पदार्थ भी बरामद किया गया। वहीं, 750 एमएल की करीब 2000 खाली बोतलें और OLD MONK तथा ROYAL MANSION ब्रांड के लगभग 1000 ढक्कन जब्त किए गए।
कार, पिकअप और बाइक से होती थी सप्लाई
अवैध शराब के इस कारोबार में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों को भी पुलिस ने जब्त किया है। इनमें एक महिंद्रा एसयूवी कार, एक पिकअप टेम्पो और एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल शामिल हैं। इसके अलावा चार टुल्लू पंप, एक होंडा जनरेटर, एक इन्वर्टर-बैटरी, बोतल सील करने की मशीन, छह मोबाइल फोन तथा शराब के ब्रांड और लेबल वाले स्टीकर भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे करीब एक महीने से अवैध अंग्रेजी शराब का निर्माण कर रहे थे। तैयार शराब की आपूर्ति बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखण्ड के विभिन्न जिलों में मांग के अनुसार की जाती थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा शराब की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी।
पांच गिरफ्तार, कई धाराओं में मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रत्युष शाहदेव (27), निवासी इन्द्रपुरी, सुखदेवनगर, राँची; कुन्दन कुमार (28), निवासी भरत, थाना अम्बा, जिला औरंगाबाद; संजय सिंह (32), निवासी सुंदर नगर, थाना चिरकुण्डा, जिला धनबाद; राकेश कुमार (28), निवासी भरत, थाना अम्बा, जिला औरंगाबाद तथा विष्णु कुमार (22), निवासी जगदीशपुर, थाना धरहरा, जिला मुंगेर के रूप में हुई है।
इस मामले में माण्डर थाना कांड संख्या 115/2026, दिनांक 05 नवंबर 2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं 274, 275, 338, 336(3), 340(2), 318(4), 3(5), उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए), कॉपीराइट एक्ट की धारा 63/64/65 तथा ट्रेडमार्क एक्ट की धारा 102/103/104 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
छापेमारी टीम में ये अधिकारी थे शामिल
इस विशेष अभियान में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली निखिल राय, डीएसपी मुख्यालय-द्वितीय अजय आर्यन, माण्डर अंचल के पुलिस निरीक्षक जय प्रकाश राणा, रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो, कोतवाली थाना प्रभारी सनोज कुमार, सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा, माण्डर थाना प्रभारी मनोज करमाली, चान्हो थाना प्रभारी टिंकू रजक, पण्डरा ओपी प्रभारी विवेक कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
राँची पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब निर्माण और उसकी अंतरराज्यीय आपूर्ति के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है। अब पुलिस की जांच का केंद्र इस कारोबार के पीछे मौजूद बड़े सप्लाई नेटवर्क और इसके संभावित खरीदारों तक पहुंचना है।

