राँची में दुष्कर्म मामला:जन्मदिन की पार्टी में बुलाने वाली सहेली और मुख्य आरोपी दानिश सहित तीन गिरफ्तार,पार्टी में नशीला पदार्थ खिलाकर किया था दुष्कर्म…
राँची। राजधानी राँची में दोस्त की जन्मदिन की पार्टी के नाम पर बुलाकर एक युवती के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में राँची पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दानिश को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम ने पीड़िता की सहेली ओली विश्वकर्मा और आरोपी का दोस्त फहद को गिरफ्तार किया है।पीड़िता जो जमशेदपुर की रहने वाली है और राँची में रहकर एमडीएस की तैयारी कर रही है, ने पुलिस को दिए फर्दबयान में आरोप लगाया है कि पार्टी के दौरान उसे नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया गया।
पीड़िता की सहेली ओली विश्वकर्मा के बुलावे पर गोकुल वाटिका स्थित फ्लैट गई थी पीड़िता
पीड़िता के मुताबिक, 9 अप्रैल को वह अपने दोस्त ओली विश्वकर्मा के बुलावे पर गोकुल वाटिका स्थित फ्लैट में जन्मदिन पार्टी में शामिल होने पहुंची थी। उसे बताया गया था कि पार्टी में कई लड़कियां भी आएंगी, लेकिन वहां पहुंचने पर उसने देखा कि कुछ युवक पहले से मौजूद थे।उसने असहजता जताई, लेकिन भरोसा दिलाने पर वहीं रुक गई।रात करीब 8 बजे केक काटने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। आरोप है, कि इसी दौरान दानिश नामक युवक ने उसे पिज्जा दिया, जिसे खाने के बाद उसे नशा जैसा महसूस हुआ और आंखों के सामने अंधेरा छाने लगा।वह किसी तरह कमरे में आराम करने गई, जहां दानिश ने दरवाजा अंदर से बंद कर उसकी हालत का फायदा उठाते हुए दुष्कर्म किया।सुबह होश आने पर युवती ने खुद को खून से लथपथ पाया और गंभीर हालत में थी।
11 अप्रैल को उसे ऑर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया:
उसने घटना की जानकारी अपने दोस्त को दी, जिसने उसे हॉस्टल पहुंचाया।हालत बिगड़ने पर 11 अप्रैल को उसे ऑर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सहेली के कहने पर पुलिस को सूचना दी गई। लालपुर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का फर्दबयान दर्ज किया है।

