राँची के मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र में हथियार के साथ स्कार्पियो सवार दो अपराधी गिरफ्तार..

 

राँची।जिले के मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए दो शातिर अपराधियों को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अपराधी एक काली स्कार्पियो में सवार होकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।उल्लेखनीय है कि 13 अप्रैल की रात एसएसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली कि खलारी की ओर से एक काले रंग की स्कार्पियो गाड़ी (संख्या JH01CB-1323) में सवार कुछ अपराधी हथियारों के साथ मैक्लुस्कीगंज की ओर बढ़ रहे हैं।सूचना की गंभीरता को देखते हुए मैक्लुस्कीगंज थाना के गश्ती दल को तत्काल अलर्ट किया गया।वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने चिनाटांड के समीप सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया।13 अप्रैल की रात करीब एक बजे पुलिस टीम को एक संदिग्ध काली स्कार्पियो आती दिखी। गश्ती दल ने घेराबंदी कर गाड़ी को रुकवाया। वाहन की तलाशी के दौरान उसमें दो युवक सवार मिले, जिनकी पहचान रूष्तम अंसारी उर्फ सोनू और मो0 जैद अंसारी उर्फ अरमान अंसारी के रूप में हुई।दोनों आरोपी जेहलीटांड, थाना खलारी के रहने वाले हैजब पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली, तो रूष्तम अंसारी उर्फ सोनू के कमर से एक 7.65 एमएम का लोडेड पिस्टल बरामद हुआ। पिस्टल की मैगजीन में दो जिंदा कारतूस पहले से भरे हुए थे। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हथियारों के साथ बालूमाथ में एक शादी समारोह में जा रहे थे।पूछताछ में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे केवल हथियार रखते ही नहीं, बल्कि अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के धंधे में भी संलिप्त हैं।उन्होंने पुलिस को अपने गिरोह के अन्य सदस्यों और ग्राहकों के बारे में भी अहम सुराग दिए हैं। पुलिस ने इन अपराधियों की निशानदेही पर अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है। फिलहाल गुप्त ठिकानों पर छापेमारी जारी है।वहीं गिरफ्तार अपराधियों को मंगलवार को जेल भेज दिया गया है।

error: Content is protected !!