राँची:हरमू रोड में गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण पकड़ा, कई सिलेंडर जब्त….अपार्टमेंट में बालकनी से घुसकर मोबाइल, नकदी व साइकिल की चोरी
राँची। शहर के हरमू रोड इलाके में एक किराये के मकान में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण करने का मामला सामने आया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई जांच में बड़ी संख्या में घरेलू और व्यवसायिक गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।प्रभारी पणन पदाधिकारी को 13 अप्रैल को बड़ा तालाब लेन, हरमू रोड स्थित एक मकान में अवैध गैस भंडारण की गुप्त सूचना मिली थी। जांच के दौरान यह मकान लाल राम मनोहरनाथ शहदेव का पाया गया, जिसे जितेंद्र कुमार ने किराये पर लिया हुआ था। जांच के दौरान मकान से विभिन्न प्रकार के गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इनमें 14.2 किलोग्राम का घरेलू सिलेंडर, 19 किलोग्राम के व्यवसायिक सिलेंडर और 5 किलोग्राम के छोटे सिलेंडर शामिल हैं। कुछ सिलेंडर खाली थे, जबकि कुछ आंशिक रूप से भरे हुए मिले। बरामद सभी सिलेंडरों को जब्ती सूची तैयार कर कोतवाली थाना को सुरक्षार्थ सौंप दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार घरेलू और व्यवसायिक गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण और कालाबाजारी, एलपीजी आपूर्ति एवं वितरण नियंत्रण आदेश 2000 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत गंभीर अपराध है। इस मामले में किरायेदार जितेंद्र कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह सिर्फ भंडारण का मामला है या इसके पीछे बड़े स्तर पर गैस की कालाबाजारी का खेल चल रहा था।
सुखदेवनगर के अपार्टमेंट में बालकनी से घुसकर मोबाइल, नकदी व साइकिल की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी
राँची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित इंद्रप्रस्थ रेजिडेंसी अपार्टमेंट में चोरी की घटना सामने आई है। इस मामले में संदीप कुमार ने थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना 13 अप्रैल की रात करीब 1 बजे से 2:30 बजे के बीच की है। चोर बालकनी के रास्ते संदीप कुमार के फ्लैट में घुसा और सैमसंग का एक मोबाइल तथा चांदी की विष्णु भगवान की मूर्ति चुरा ली। इसके बाद वह नीचे गार्ड रूम में पहुंचा, जहां से गार्ड ग्रिगेश रजक का वीवो मोबाइल, जूते और इस्त्री के लिए रखे कपड़े उठा लिए। वहीं मौजूद एक रिश्तेदार की जेब से 26 हजार रुपये नकद भी चोरी कर ली गई। चोर ने अपार्टमेंट के अन्य हिस्सों को भी निशाना बनाया और फ्लैट नंबर 201-2A निवासी रंजीत साहू की पार्किंग में खड़ी काले रंग की साइकिल भी चुरा ली। पूरी घटना अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में चोर रात 1:48 बजे गार्ड रूम में घुसते और करीब 2:20 बजे तक एक-एक कर सामान निकालते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी है।

