साइबर ठगों की जाल में फंसे और पीएनबी खाते से 9.77 लाख उड़े..
राँची।बैंक कस्टमर केयर के नाम पर कॉल कर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति के खाते से 9.77 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली। पीड़ित अशोक राम वर्मा (50) की शिकायत पर राँची साइबर थाना ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एदलहातु मोरहाबादी निवासी अशोक राम वर्मा के अनुसार 8 फरवरी को उन्होंने अपने खाते की जानकारी देखने के लिए ऐप लॉगिन करने की कोशिश की, लेकिन ऐप नहीं खुला। इसके बाद उन्होंने इंटरनेट पर मिले कथित कस्टमर केयर नंबर पर कॉल किया। कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खुद को पीएनबी का अधिकारी बताकर खाता संख्या, एटीएम डिटेल और पिन जैसी संवेदनशील जानकारी हासिल कर ली। आरोपी ने पीड़ित से कॉल फॉरवर्ड कराने को कहा, जिसके बाद मोबाइल पर आने वाले ओटीपी सीधे ठगों तक पहुंचते रहे। कुछ ही देर में खाते से 14.77 लाख रुपये की निकासी कर ली गई। बाद में 5 लाख रुपये खाते में वापस आ गए, लेकिन कुल 9.77 लाख रुपये साइबर अपराधियों के खातों में ट्रांसफर हो चुके थे। शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस संदिग्ध मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और ट्रांजैक्शन ट्रेल की जांच कर रही है।

