भीषण आग लगने से सीसीएल की स्वांग कोल वाशरी में करोड़ों का नुकसान, मौत के मुंह में समाने से बच गई कई जिंदगियां
बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड में मौजूद कोल इंडिया की सब्सिडियरी सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के कथारा प्रोजेक्ट में स्वांग कोल वाशरी के कन्वेयर बेल्ट में आग लग गई, जिससे पूरी वाशरी जल गई। गनीमत यह रही कि आग शिफ्ट चेंज के दौरान लगी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया, जिसमें कई मजदूरों की जान जा सकती थी। इस भीषण आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं।
घटना के बारे में प्रोजेक्ट ऑफिसर बैकुंठ मोहन बाबू ने बताया कि प्लांट की डीसेलिनेटिंग ओवर साइज बिल्डिंग में B-6 कन्वेयर बेल्ट में मेंटेनेंस के काम के दौरान अचानक आग लग गई।शिफ्ट चेंज का समय होने की वजह से काम पर मौजूद मजदूर समय पर आग नहीं देख पाए।बाद में जानकारी मिलने के बाद फायर ब्रिगेड और फॉग मशीनें मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गई।कन्वेयर बेल्ट पूरी तरह जल गया है, और नुकसान कितना हुआ है, इसका तुरंत पता लगाना मुश्किल है।
सीसीएल के अधिकारी इस मामले पर कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं।आग लगने की सूचना मिलते ही स्वांग कोल वाशरी में काम करने वाले कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश करते दिखे, लेकिन रबर कन्वेयर बेल्ट में आग लगने के बाद काफी धुआं फैल गया, जिससे आग पर काबू पाना काफी मुश्किल हो गया।
वाशरी में काम करने वाले कर्मचारियों ने बताया कि इस आग की वजह से कन्वेयर बेल्ट में लगी मोटर और इक्विपमेंट गर्म होकर सीज हो जाएंगे, जिसकी वजह से कोल वाशरी को तुरंत चालू करना मुमकिन नहीं है। नुकसान के बारे में बताया गया कि आग लगने से न सिर्फ करोड़ों का नुकसान हुआ है, बल्कि असल में काम दोबारा शुरू होने में कम से कम 10 दिन लगेंगे। इस तरह आज लगी आग की वजह से CCL के कोल वासरी को करोड़ों का नुकसान हुआ है।

