पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां बीजेपी में हुए शामिल, बाबूलाल मरांडी ने कहा- शबरी के वंशजों का रामभक्तों की पार्टी में स्वागत
राँची। पूर्व मंत्री और तीन बार विधायक रहे दुलाल भुइयां ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया है। महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर राँची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में उन्होंने अपने समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में दुलाल भुइयां ने सदस्यता ली। इस मौके पर उनके पुत्र विप्लव भुइयां, दिलीप भुइयां तथा भुइयां समाज के केंद्रीय उपाध्यक्ष नुनूलाल भुइयां भी समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। जमशेदपुर महानगर भाजपा अध्यक्ष संजीव सिन्हा के अलावा रामगढ़ और हजारीबाग से भुइयां समाज के बड़ी संख्या में लोग इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
भाजपा में शामिल होने के बाद दुलाल भुइयां ने कहा, “आज हम लोगों का भाजपा में शामिल होना भुइयां समाज द्वारा सोच-समझकर ली गई बैठक का फैसला है। नामकुम के अंबेडकर नगर में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों को देखते हुए यह कदम उठाया है.” उन्होंने आगे कहा, “इतनी बड़ी पार्टी में भुइयां समाज को सम्मान केवल भाजपा में ही मिल रहा है। मैं 1980 से लगातार भुइयां समाज को एकजुट रखा हूं।महाशिवरात्रि के कारण सीमित संख्या में हम आए हैं।”
दुलाल भुइयां ने आदित्य साहू, बाबूलाल मरांडी, रघुवर दास, विद्युत बरन महतो और सीपी सिंह से आशीर्वाद लेकर भाजपा में प्रवेश किया। उन्होंने शपथ ली कि अब भाजपा को छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे।
उन्होंने झामुमो पर तीखा हमला बोला और कहा, “जब दिशोम गुरु (शिबू सोरेन) जीवित थे, तब झामुमो संघर्ष की पार्टी थी, लेकिन आज यह हेमंत सोरेन की जेबी पार्टी बन गई है। हम लोगों को प्रताड़ित किया गया। भाजपा छोड़कर कोई अन्य पार्टी भुइयां समाज को सम्मान नहीं दे सकती।”

