हिमांशु हत्याकांड पर भाजपा का हल्ला बोल, 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद; दोषी पुलिसकर्मियों पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग

राँची। जमशेदपुर में पुलिस वैन से युवक हिमांशु सिंह को खींचकर हत्या किए जाने की घटना ने झारखण्ड की राजनीति को गर्मा दिया है। इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 3 जुलाई 2026 को जमशेदपुर बंद का ऐलान किया है। पार्टी ने घटना में शामिल आरोपियों के साथ-साथ ड्यूटी पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और जवानों के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की हत्या संबंधी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
राँची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि यह घटना सिर्फ एक युवक की हत्या नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था और पुलिस तंत्र की गंभीर विफलता का उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में अपराधियों ने हिमांशु सिंह को वैन से बाहर खींच लिया और उसकी हत्या कर दी, जबकि पुलिसकर्मी तमाशबीन बने रहे।
भाजपा ने स्पष्ट किया कि केवल हमलावरों की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं होगी। पार्टी का कहना है कि जिन पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी हिरासत में लिए गए युवक की सुरक्षा करना थी, उनकी भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यदि लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है तो उनके खिलाफ भी हत्या का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से इस हत्याकांड की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि गंभीर मामलों में लंबी न्यायिक प्रक्रिया से लोगों का न्याय व्यवस्था पर भरोसा कमजोर होता है।
भाजपा ने सरकार की प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। आदित्य साहू ने कहा कि जिले के पुलिस अधीक्षक के तबादले के कई घंटे बाद भी नए एसपी की नियुक्ति नहीं होना प्रशासनिक सुस्ती का प्रमाण है। उनका आरोप था कि ऐसे हालात अपराधियों का मनोबल बढ़ाते हैं और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस करती है।
घटना के विरोध में भाजपा ने चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। पार्टी के अनुसार, 2 जुलाई की शाम जमशेदपुर में मशाल जुलूस निकाला जाएगा, जबकि 3 जुलाई को शहर बंद रखा जाएगा। भाजपा ने व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों से आंदोलन में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह लड़ाई राजनीतिक नहीं, बल्कि कानून का राज स्थापित करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की है।
प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा ने राज्य में बढ़ते अपराध पर सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की भी मांग की। आदित्य साहू ने दावा किया कि हत्या, दुष्कर्म, अपहरण और चोरी जैसी घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है, जिससे स्पष्ट है कि सरकार अपराध नियंत्रण में विफल रही है।उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि पुलिस का ध्यान अपराध रोकने की बजाय अवैध वसूली पर अधिक केंद्रित है। यदि नियमित गश्त और प्रभावी निगरानी होती, तो इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता था।
भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन पूरे झारखंड में फैलाया जाएगा। पार्टी ने दोहराया कि हिमांशु सिंह के परिजनों को न्याय मिलने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होने तक उसका आंदोलन जारी रहेगा। प्रेसवार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

