राँची में हर बुधवार ‘जन शिकायत समाधान’ अभियान: थानों में ऑन द स्पॉट निपटे कई मामले, लोगों को मिली राहत…

 

राँची।झारखण्ड की राजधानी राँची में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से बुधवार को जिले के सभी थाना और ओपी में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर थानों पहुंचे। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि कुछ जटिल मामलों में पुलिस अधिकारियों ने जांच का आश्वासन देते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।चुटिया, नगड़ी, पुंदाग, बुढ़मू,डोरंडा,लालपुर, सुखदेव नगर, डेली मार्केट सहित जिले के सभी थानों में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना प्रभारियों के साथ अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। पुलिस ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और यथासंभव तत्काल समाधान का प्रयास किया।

हर बुधवार मिलेगा शिकायतों के समाधान का मौका:
राँची पुलिस की इस पहल के तहत अब प्रत्येक बुधवार जिले के सभी थाना और ओपी में जन शिकायत कोषांग लगाया जाएगा। कार्यक्रम में डीएसपी रैंक के अधिकारियों समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे, ताकि लोगों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।इस पहल का मकसद पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है। पहले छोटी-बड़ी शिकायतों के लिए लोगों को वरीय अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब स्थानीय थाना स्तर पर ही वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा।

जमीन विवाद से लेकर धोखाधड़ी तक की सुनवाई:
वरीय पुलिस अधिकारी के अनुसार जन शिकायत कार्यक्रम में जमीन विवाद, आपसी रंजिश, चोरी, डकैती, धोखाधड़ी और अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़े मामलों की सुनवाई की जा रही है। कोशिश रहती है कि अधिक से अधिक मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया जाए, जबकि गंभीर मामलों में त्वरित जांच शुरू की जाती है।

ग्रामीणों को मिलेगा सबसे अधिक फायदा:
राँची पुलिस का मानना है कि इस व्यवस्था से खासकर ग्रामीण और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें अपनी शिकायत लेकर जिला मुख्यालय नहीं आना पड़ेगा। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी और लोगों को स्थानीय स्तर पर ही न्याय मिलने की प्रक्रिया तेज होगी।
पुलिस ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे प्रत्येक बुधवार अपने संबंधित थाना या ओपी में आयोजित जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में पहुंचकर इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

error: Content is protected !!