20 मिनट में करीब 30 लाख की चोरी:राँची के इटकी रोड स्थित आर्किड अपार्टमेंट में दिनदहाड़े वारदात, संजय सेठ पहुंचे पीड़ित परिवार से मिलने..

 

राँची।राजधानी राँची में अपराधियों के बढ़ते हौसलों का एक और मामला सामने आया है। राँची के पंडरा ओपी क्षेत्र में इटकी रोड स्थित आर्किड अपार्टमेंट में बुधवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने एक फ्लैट को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना दोपहर लगभग 12 बजे की बताई जा रही है। अपराधियों ने महज 20-25 मिनट के भीतर पूरे फ्लैट को खंगाल डाला और नकदी, जेवरात सहित अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अपराधी घर से करीब 10 लाख रुपये नकद और 15 से 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हुए हैं। हालांकि चोरी गई संपत्ति का अंतिम आकलन पुलिस जांच और पीड़ित परिवार द्वारा तैयार की जा रही सूची के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

मिली जानकारी के अनुसार, फ्लैट मालिक उमेश अग्रवाल घर के लिए सामान खरीदने बाजार गए हुए थे। इसी दौरान पहले से रेकी कर रहे अपराधियों ने मौके का फायदा उठाया और फ्लैट में प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिया। घर लौटने पर उमेश अग्रवाल ने देखा कि दरवाजा और अलमारी खुली हुई है तथा घर का सामान बिखरा पड़ा है। इसके बाद उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया, ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें। अपार्टमेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का मानना है कि अपराधियों ने वारदात से पहले इलाके की रेकी की थी और घर के खाली होने की पूरी जानकारी होने के बाद घटना को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलने पर केंद्रीय राज्य रक्षा मंत्री संजय सेठ भी तत्काल आर्किड अपार्टमेंट पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली और उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों से भी बातचीत कर मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही।
संजय सेठ ने कहा कि राजधानी में दिनदहाड़े इस तरह की घटना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, लूटी गई संपत्ति बरामद की जाए और शहरवासियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी एवं कठोर कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

इस घटना के बाद अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में चोरी और लूट की घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। उन्होंने इलाके में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने और अपार्टमेंट की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। चोरी गई संपत्ति का सही आकलन पीड़ित परिवार द्वारा सूची तैयार किए जाने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान कर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

error: Content is protected !!