कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के दो अपराधी रामगढ़ पुलिस के हत्थे चढ़ा…देशी कारबाइन,पिस्टल और गोली बरामद…

 

रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले के पतरातू पुलिस ने राहुल दुबे गिरोह के दो सक्रीय गुर्गों को दबोचा है। गिरफ्तार गुर्गों के नाम करण करमाली और शिवम मिश्रा उर्फ नंदू बताये गये। दोनों के पास पुलिस ने 7.65 एमएम का लोडेड देशी पिस्टल, 9 एमएम की लोडेड देशी कारबाइन और 9 पीस जिंदा गोलियां जब्त की है। दोनों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के फिराक में थे। इस बात का खुलासा एसपी ने मीडिया के सामने किया।एसपी ने मीडिया को बताया कि बीते 13 अप्रैल की रात करीब साढ़े आठ बजे सूचना मिली कि हेसला इलाके में कुछ अपराधी अवैध हथियार के साथ घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पतरातू के एसडीपीओ गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। इसके बाद पूरे इलाके में सघन चेकिंग शुरू कर दी गई। चेकिंग के दौरान हेसला स्थित टाइप-2 काली मंदिर मैदान के पास एक बाइक पर सवार दो युवकों को रोका गया। पूछताछ में उनकी पहचान करण करमाली और शिवम मिश्रा उर्फ नंदू के रूप में हुई। तलाशी लेने पर पुलिस भी चौंक गयी।पुलिस ने करण करमाली के पास से 7.65 एमएम का लोडेड देशी पिस्टल और तीन जिंदा गोलियां बरामद कीं। वहीं बाइक के कैरियर में टंगे बैग से 9 एमएम की लोडेड देशी कारबाइन और दो जिंदा गोलियां मिलीं। पुलिस ने हथियार, गोलियां सहित बाइक को भी जब्त कर लिया।पकड़े गए दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे राहुल दुबे गैंग के लिए काम करते हैं। उन्होंने यह भी कबूल किया कि बीते 4 अप्रैल को पतरातू स्थित ओसम डेयरी प्लांट में हुई फायरिंग की घटना में भी उनका हाथ था। पुलिस के मुताबिक, दोनों किसी नई बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। इस पूरे मामले में पतरातू थाना में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब इस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।इस ऑपरेशन में पतरातू, भदानीनगर, भुरकुंडा, गोला, बासल और बरकाकाना थाना समेत कई थानों की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस धिकारियों का कहना है कि इलाके में अपराध पर लगाम लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

error: Content is protected !!