गढ़वा:सरकारी आवास बनाने को लेकर विवाद, पिता ने बेटे पर कुल्हाड़ी से किया जानलेवा हमला…
गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र के डेमा गांव में सोमवार की देर रात भूमि विवाद को लेकर एक पिता ने अपने ही पुत्र पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल व्यक्ति की पहचान नरेश यादव के पुत्र दिनेश यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
इस संबंध में घायल दिनेश यादव की पत्नी शीला देवी ने बताया कि उन्हें सरकारी योजना के तहत आवास का आवंटन किया गया था। सास-ससुर द्वारा पूर्व में बांट कर दी गयी जमीन पर ही दिनेश उस आवास के निर्माण के लिए गड्ढा खोद रहा था।इसी दौरान उसके पिता नरेश यादव, मां शिवपतिया देवी, छोटा भाई अजीत यादव और उसकी पत्नी रीमा देवी ने वहां घर बनाने से मना किया और विरोध शुरू कर दिया।विवाद इतना बढ़ा कि आक्रोश में आकर पिता नरेश यादव व अन्य परिजनों ने दिनेश यादव पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।इस हमले में दिनेश के माथे पर गंभीर चोट आई है और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने घायल दिनेश को कांडी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया है।फिलहाल सदर अस्पताल में दिनेश का उपचार जारी है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

