सांसद बोले- पूरे राज्य के ट्रेजरी की जांच की जरूरत,चारा घोटाला से भी बड़ा हो सकता है ट्रेजरी घोटाला…
हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले में ट्रेजरी घोटाला उजागर हो चुका है। 8 वर्षों में 15 करोड़ रुपए से अधिक अवैध निकास की पुष्टि हजारीबाग जिला प्रशासन ने कर दी है।यह आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है।इसी बीच हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि देश का सबसे बड़ा और बहुचर्चित चारा घोटाला से भी बड़ा घोटाला साबित हो सकता है।जरूरत है सरकार को ट्रेजरी का जांच करने की।
हजारीबाग सांसद ने कहा कि यह चारा घोटाला से भी बड़ा घोटाला साबित हो सकता है।ट्रेजरी किसी भी राज्य और जिला का सबसे महत्वपूर्ण अंग होता है। जब ट्रेजरी से ही घोटाला हो जाए तो यह समझा जा सकता है कि कितना बड़ा लूप फॉल है।उन्होंने कहा कि पूरे राज्य के ट्रेजरी की जांच होनी चाहिए और जो भी व्यक्ति इसमें संलिप्त है उसे कड़ी से कड़ी सजा होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि यह विषय राजनीति की नहीं है बल्कि राज्य की वित्तीय सुरक्षा की बात है। पिछले 6-7 साल से झारखण्ड मुक्ति मोर्चा और गठबंधन की सरकार है और इसके पहले भाजपा की सरकार थी। यह घोटाला वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान खुलासा हुआ है।ऐसे में वर्तमान सरकार को कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
1.60 करोड़ रुपये किया गया सुरक्षित
हजारीबाग ट्रेजरी से 8 वर्षों में 15 करोड़ से अधिक रुपए का अवैध ट्रांजैक्शन हुआ है।बोकारो के बाद अब हजारीबाग में भी बड़ा स्कैम का खुलासा हुआ है।उसकी पुष्टि हजारीबाग उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने की थी।अवैध निकासी की प्राप्त सूचना पर जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई करते हुए अपर समाहर्ता, हजारीबाग की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच दल का गठन किया था।
जांच के दौरान यह पाया गया कि अवैध रूप से सरकारी राशि की निकासी की गई और इस राशि को विभिन्न संदिग्ध बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया।कुल 21 संदिग्ध बैंक खातों को फ्रीज करने का निर्देश संबंधित बैंकों को दिया गया है। इन खातों में उपलब्ध लगभग 1.60 करोड़ रुपये की राशि फ्रीज कर सुरक्षित कर लिया गया है।
आरोपियों को भेजा गया जेल
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अकाउंट सेक्शन में कार्यरत तीन सिपाही मास्टरमाइंड शंभू कुमार, धीरेंद्र कुमार सिंह और रजनीश कुमार सिंह उर्फ पंकज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।इसके अलावा शंभू और रजनीश की पत्नी को भी न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इस तरह कुल पांच आरोपियों को जेल भेजा गया है।पुलिस अब आरोपियों के परिजनों से भी पूछताछ की तैयारी में है।

