राँची में सोने के गहनों की ‘स्मार्ट चोरी’: वजन बदलकर लाखों की हेराफेरी, सेल्समैन पर शक,केस दर्ज

–भारी गहनों की जगह हल्के नकली रखकर किया खेल; हॉलमार्क और बैंक ट्रांजेक्शन से खुला राज

राँची।राजधानी राँची में एक ज्वेलरी दुकान में बेहद शातिर तरीके से सोने के गहनों की चोरी का मामला सामने आया है, जहां गिनती में पकड़ से बचने के लिए असली भारी गहनों की जगह उसी तरह के बेहद हल्के गहने रख दिए गए।दुकानदार के अनुसार,10.23 ग्राम के सोने के टाप्स और 7.970 ग्राम के लॉकेट को बदलकर क्रमशः 1.070 ग्राम और 0.710 ग्राम के हल्के गहने रख दिए गए, जिससे संख्या तो सही रही लेकिन वजन में भारी अंतर हो गया। शुरुआत में गिनती सही होने के कारण किसी को शक नहीं हुआ, लेकिन वजन के टैग में गड़बड़ी दिखने पर जब एक-एक सामान का वजन किया गया तो चोरी का खुलासा हुआ। इस संबंध में लोअर बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

हालमार्क की जांच से हुआ खुलासा

जांच के दौरान बदले गए गहनों के हॉलमार्क की पड़ताल की गई, जिससे पता चला कि ये सामान अपर बाजार सोनार गली स्थित भदानी ज्वेलर्स से खरीदा गया है। इसके बाद शक दुकान के सेल्समैन संजय कुमार महतो पर गया। दुकानदार का कहना है कि जब उससे बकाया राशि की जानकारी ली गई तो उसके बैंक लेन-देन में भदानी ज्वेलर्स को 10,400 रुपए का भुगतान सामने आया, जिससे संदेह और गहरा गया कि उसने ही गहनों की अदला-बदली कर चोरी की है। दुकानदार ने यह भी बताया कि संजय कुमार महतो के खिलाफ पहले भी लोअर बाजार थाना में चोरी का मामला दर्ज हो चुका है और वह जेल भी जा चुका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!