आंदोलनकारियों के बीच दहशत फैलाने उद्देश्य से बीसीसीएल जीएम ऑफिस के बाहर फायरिंग…
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के सुदामडीह थाना क्षेत्र स्थित बीसीसीएल भौंरा ईजे क्षेत्र के महाप्रबंधक कार्यालय के मुख्य गेट के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नकाबपोश अपराधियों ने अचानक चार राउंड हवाई फायरिंग कर दी गोली चलने की आवाज सुनते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और पूरा इलाका दहशत के साये में आ गया।जानकारी के अनुसार, यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन (एटक) के सचिव गफ्फार अंसारी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचे थे।वार्ता समाप्त होने के बाद जैसे ही वे अपने समर्थकों के साथ बाहर निकले, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।हमलावरों ने मौके पर खड़ी एक बाइक को भी निशाना बनाते हुए उसमें तोड़फोड़ कर दी।अचानक हुए इस हमले से वहां मौजूद लोग सहम गए और जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।घटना की सूचना मिलते ही भौंरा ओपी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन पुलिस को देखते ही सभी हमलावर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है।
पीड़ित गफ्फार अंसारी ने कहा कि आंदोलन को लेकर पुलिस को सूचना दी गई थी। जीएम से सभी मांगों पर वार्ता के बाद कार्यालय से बाहर निकलकर अपने अपने घर जा रहे थे। इस दौरान नकाबपोश अपराधियों के द्वारा फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। उनके द्वारा वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई है।मामले की शिकायत पुलिस से की गई है।वहीं सिंदरी डीएसपी ने कहा कि हवाई फायरिंग की घटना घटी है और मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

