बोकारो स्टील प्लांट में क्रेन से गिरकर ठेका मजदूर की मौत…

बोकारो।झारखण्ड के बोकारो स्टील प्लांट में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में ठेका मजदूर की मौत हो गई।घटना प्लांट के IMF विभाग में उस समय हुई जब मजदूर क्रेन के सहारे ऊंचाई पर कार्य कर रहा था। संतुलन बिगड़ने से वह अचानक नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान 38 वर्षीय गणेश महतो के रूप में हुई है। जो पुरुलिया जिले के जयपुर के रहने वाले थे। प्लांट में वह नीरज एंटरप्राइजेज के तहत कार्यरत थे।

जानकारी के अनुसार वो क्रेन ऑपरेटर के रूप में कार्य कर रहे थे। हादसे के बाद तत्काल बोकारो जेनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही प्लांट परिसर में कार्यरत मजदूरों और यूनियन नेताओं में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में मजदूर अस्पताल और प्लांट परिसर में जमा हो गए और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मजदूरों ने मृतक के आश्रित को स्थायी नौकरी, उचित मुआवजा और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की।यूनियन के जनरल सेक्रेटरी नीतेश कुमार करण ने आरोप लगाया कि प्लांट में सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी हो रही है। जिसके कारण इस तरह के हादसे बार-बार हो रहे हैं।

प्रबंधन की ओर से मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपए का बीमा, आश्रित को नौकरी और अंतिम संस्कार के लिए 35 हजार रुपए देने का आश्वासन दिया गया है।इसके अलावा 51 हजार रुपए की सहयोग राशि भी प्रदान की गई है। मामले में प्लांट के कार्मिक पदाधिकारी पंकज सिन्हा ने कहा कि प्रबंधन के द्वारा तत्काल जो मुआवजा राशि नियमानुसार बनती है, वह मृतक के आश्रित को दे दी गई है।इनके द्वारा शपथ पत्र और अन्य डॉक्यूमेंट जमा करने के बाद कंपनी के नियमानुसार स्थाई नियोजन मिल जाएगा। फिलहाल मजदूरों का विरोध प्रदर्शन जारी है और प्रबंधन और यूनियन के बीच वार्ता की कोशिशें चल रही हैं।

error: Content is protected !!