क्रेडिट कार्ड से 1.50 लाख की अवैध निकासी,ब्लिंकिट पर हुई संदिग्ध खरीदारी, ओटीपी भी नहीं मांगा गया..
राँची। राजधानी में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां क्रेडिट कार्ड से बिना ओटीपी के 1 लाख 50 हजार 351 रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। इस संबंध में दीपाटोली निवासी सुजीत कुमार ने साइबर अपराध थाना में लिखित शिकायत प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित के अनुसार उनके मोबाइल पर 1.50 लाख रुपये की निकासी का मैसेज आया। जांच करने पर पता चला कि यह राशि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट के माध्यम से खर्च की गई है, जबकि उनका क्रेडिट कार्ड उनके पास ही सुरक्षित था और किसी प्रकार का ओटीपी भी नहीं मांगा गया। घटना के तुरंत बाद उन्होंने एक्सिस बैंक के टोल फ्री नंबर पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई, जहां उन्हें एक शिकायत संख्या भी प्रदान की गई। साइबर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और ट्रांजेक्शन के तकनीकी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

