तड़गू नदी में नहाने गए तीन बच्चे, दो की मौत से मचा कोहराम; तीसरे की तलाश जारी, किनारे मिलीं साइकिलें-चप्पलें

 

चतरा। सदर थाना क्षेत्र के बरैनी पंचायत के पूरनाडीह गांव में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तड़गू नदी में नहाने गए तीन बच्चों में से दो के शव बरामद होने के बाद गांव में मातम पसर गया, जबकि तीसरे बच्चे के शव को कई घंटों बाद बरामद किया है।मृतकों की पहचान धंगरटोली मुहल्ला निवासी मुकेश सोनी के पुत्र प्रिंस कुमार (15), चौर मोहल्ला निवासी परमेश्वर राम के पुत्र अंश प्रकाश (10) व संजय राम के पुत्र सत्यम कुमार (15) के रूप में हुई है।

 

बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह तीनों बच्चे घर से साइकिल लेकर नदी की ओर निकले थे। कुछ देर बाद वे तड़गू नदी में नहाने उतरे। इसी दौरान नदी के गहरे पानी में जाने से दो बच्चे डूब गए। हादसे के बाद तीसरे बच्चे के साथ क्या हुआ, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। आशंका है कि वह भी नदी के तेज बहाव में बह गया होगा। हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं वह किसी तरह नदी से निकलकर दूसरी जगह तो नहीं चला गया।

हादसे की सूचना के बाद नदी किनारे ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मौके पर दो साइकिल, तीन जोड़ी चप्पल, दो बैग समेत अन्य सामान पड़ा मिला। इन सामानों से यह आशंका और गहरी हो गई कि तीनों बच्चे एक साथ नदी में नहाने पहुंचे थे।

ग्रामीणों ने नदी में बच्चों की तलाश शुरू की। इसी दौरान दो बच्चों के शव बरामद किए गए। शव मिलने के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बरामद दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। तीसरे बच्चे की तलाश के लिए नदी में अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है।

थाना प्रभारी अनिल उरांव ने बताया कि नदी किनारे से मिले सामान के आधार पर बच्चों की पहचान और घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। तीसरे बच्चे की तलाश जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद सामान उन्हीं बच्चों का है या किसी अन्य का।फिलहाल इस हादसे के बाद पूरनाडीह गांव में शोक का माहौल है। सुबह घर से निकले बच्चों के परिवारों को कुछ ही घंटों में ऐसी खबर मिली, जिसने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया।

error: Content is protected !!