लातेहार:डैम में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबा दो युवक…दोनों की मौत…

 

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया डैम में डूबने से आदिम जनजाति समुदाय के दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान विशाल परहिया और मनोज परहिया के रूप में हुई है।घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव को बरामद कर लिया है। दोनों युवक छिपादोहर के रहने वाले थे।

बताया जाता है कि दोनों युवक शनिवार दोपहर बाद गम्हरिया डैम में नहाने के लिए गए थे इसी दौरान अचानक एक युवक गहरे पानी में डूबने लगा उसे बचाने के क्रम में दूसरा युवक भी गहरे पानी में चला गया और डूब गया।दोनों युवक को डूबता देख आसपास के लोग शोर मचाने लगे और बचाने का भी प्रयास किया। लेकिन तब तक दोनों गहरे पानी में डूब चुके थे।बाद में काफी मशक्कत के बाद देर शाम एक युवक को डैम से बाहर निकाला गया।

इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दी थी हालांकि गहरे पानी में डूबने के कारण दोनों युवकों को बचाया नहीं जा सका।इस संबंध में थाना प्रभारी यकीन अंसारी ने बताया कि नहाने के दौरान दोनों युवक की डूबने से मौत हुई है।बताया कि शनिवार शाम में सूचना मिली थी कि दो युवक डैम में डूब गए है।मौके पर पहुँचकर पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से एक युवक का शव बरामद किया।दूसरे युवक शव का आज सुबह बरामद किया गया है।मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजा जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक मनोज परहिया मुख्य रूप से बरवाडीह का रहने वाला था। लेकिन वह छिपादोहर में अपने ससुराल में ही रहता था। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।दोनों युवक अपने-अपने परिवार के एकलौता कमाने वाले सदस्य थे।

error: Content is protected !!