धनबाद:होमगार्ड बहाली को लेकर प्रशासन अलर्ट, तकनीक से होगी पारदर्शी परीक्षा,भर्ती को लेकर प्रशासन ने समीक्षा बैठक की..

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले में होमगार्ड (गृह रक्षक) के रिक्त पदों पर बहाली प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।इसी कड़ी में शनिवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में 6 अप्रैल 2026 से शुरू होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा और लेखन क्षमता परीक्षा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक के दौरान रनिंग ट्रैक की स्थिति, स्टेडियम लेआउट, विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, पार्किंग, प्रवेश और निकास व्यवस्था समेत कई अहम बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई।इसके साथ ही अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए डबल लेयर एडमिट कार्ड को पहचान पत्र से मिलान करने और परीक्षा परिणाम को प्रतिदिन एनआईसी के माध्यम से प्रकाशित करने पर भी चर्चा हुई।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पूरी चयन प्रक्रिया तकनीक आधारित होगी।दौड़ के दौरान चिप सिस्टम का उपयोग किया जाएगा, जिससे किसी भी प्रकार की मानवीय त्रुटि या पक्षपात की संभावना प्राप्त न हो सके परीक्षा का आयोजन बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।

बैठक के बाद उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।इस दौरान रनिंग ट्रैक सहित सभी आवश्यक तैयारियों को रविवार शाम तक दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने अभ्यर्थियों की भीड़ को नियंत्रित करने और परीक्षा को सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

इस अवसर पर डीडीसी सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!