राँची के कोकर में अश्विनी स्टील दुकान में लगी भीषण आग, शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ बड़ा नुकसान…
राँची।सदर थाना क्षेत्र कोकर में स्थित एक स्टील दुकान में शनिवार की देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की वजह से मौके पर अफरा तफरी मच गई। दमकल वाहनों ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कोकर स्थित अश्विनी स्टील नाम की दुकान में आग लगने की वजह से बड़ा नुकसान हुआ है। शनिवार की देर रात बंद दुकान से अचानक धुंआ निकलने लगा। जिसे देखते हुए राहगीरों ने तुरंत दुकान मालिक और सदर थाना को मामले की जानकारी दी। शुरुआत में स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन उसका कोई फायदा नही हुआ। थोड़ी देर बाद दमकल कर्मी और पुलिस दोनों मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।
सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि आग पर काबू पाने में स्थानीय लोगों ने काफी सहयोग किया। लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। क्योंकि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के दुकानों तक फैल सकती थी।प्रारंभिक जांच में आग की प्रमुख वजह शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है।आग की वजह से भारी नुकसान भी हुआ है।आग की वजह से दुकान के रखे फर्नीचर, कागजात और अन्य सामान बुरी तरह से जल कर बर्बाद हो गए।

