पलामू पुलिस ने गुड्डू खलीफा हत्याकांड का किया खुलासा,जमीन विवाद में पार्टनर ने 2 लाख रुपए की सुपारी देकर कराया मर्डर…
पलामू ।झारखण्ड के पलामू में शहर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड रोड स्थित शताब्दी मार्केट में हुए चर्चित गुड्डू खलीफा हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। जांच में सामने आया है कि 10.5 डिस्मिल जमीन विवाद में पार्टनर ने ही सुपारी देकर हत्या कराई थी।पुलिस के अनुसार, चंदवारी की जमीन को लेकर चल रहे विवाद में मृतक गुड्डू खलीफा के पार्टनर इसराईल आजाद उर्फ मिंटू डाला ने उसकी हत्या के लिए कुख्यात अपराधी फैज खान को दो लाख रुपये की सुपारी दी थी। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता सहित पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में पहाड़ी मोहल्ला निवासी इसराईल आजाद उर्फ मिंटू डाला (45), शहजाद आलम उर्फ विक्की राइन (27), तारिक शाह उर्फ मुन्नान (30), साईं मोहल्ला निवासी फैज खान (40) तथा पांकी थाना क्षेत्र के तेतराई निवासी आदर्श कुमार उर्फ धोनी (20) शामिल हैं।
वहीं एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी पिस्टल, तीन जिंदा गोलियां, एक मोटरसाइकिल और सुपारी की रकम में से 39,400 रुपये नकद बरामद किए हैं। शेष 1.60 लाख रुपये फरार आरोपी के पास बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने बस स्टैंड रोड स्थित शताब्दी मार्केट में हुए गुड्डू खलीफा हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा किया है। जमीन विवाद में उसके ही पार्टनर ने ईद से पहले हत्या की साजिश रची थी और दो लाख रुपये की सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलाया गया।
शनिवार की शाम पुलिस सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि गुड्डू खलीफा, इसराईल आजाद उर्फ मिंटू डाला व अन्य लोग मिलकर जमीन कारोबार करते थे। दो-तीन माह पहले आपसी विवाद हुआ था, जो पुलिस तक भी पहुंचा, लेकिन बाद में सुलझा लिया गया। कुछ दिन पहले फिर विवाद बढ़ा, जिसके बाद मिंटू डाला ने गुड्डू की हत्या के लिए फैज खान को दो लाख रुपये की सुपारी दी।
एसपी ने बताया कि 31 मार्च को मिंटू डाला ने फैज खान को शताब्दी रोड स्थित कार्यालय भी दिखाया था। हत्या के बाद सुपारी की पूरी रकम शहजाद आलम उर्फ विक्की राइन को दी गई। पुलिस को गुमराह करने के लिए मिंटू डाला ने खुद ही हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई और इसे लाडले हसन उर्फ लड्डू खान हत्याकांड से जोड़ने की कोशिश की।
एसपी ने बताया कि मामले में शहर थाना और पांकी थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। शहर थाना कांड संख्या 120/26 में इसराईल आजाद उर्फ मिंटू डाला (45) और शहजाद आलम उर्फ विक्की राइन (27) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। वहीं, पांकी थाना कांड संख्या 43/26 में पुलिस मुठभेड़ के बाद फैज खान, तारिक शाह उर्फ मुन्नान और आदर्श कुमार उर्फ धोनी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
एसपी ने बताया कि फैज खान पर शहर, सदर व चैनपुर थाना में कुल नौ मामले दर्ज हैं। इसराईल आजाद उर्फ मिंटू डाला, शहजाद आलम उर्फ विक्की राइन और तारिक शाह उर्फ मुन्नान पर भी पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस पूरे मामले के उद्भेदन में डीएसपी राजीव रंजन, शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

