अनोखा प्रेम-प्रसंग: पत्नी के सामने प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरा…पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने पति को लिया हिरासत में….

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के महुदा मोड़ में शुक्रवार को एक अजीबोगरीब मामला सामने आया। बागड़ा निवासी राखोहरि महतो ने अपनी पत्नी के सामने ही अपनी कथित शादीशुदा प्रेमिका के माथे में सिंदूर भर दिया। पति की इस हरकत से महिला सकते में आ गई और शोर मचाने लगी। देखते ही देखते वहां लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के पति तथा उसकी कथित शादीशुदा प्रेमिका को अपने साथ थाने ले गई, जहां पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। राखोहरि की पत्नी ने बताया कि उसका पति दिहाड़ी मजदूर है। ढलाई के काम के लिए वह अन्य मजदूरों के साथ जाता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात तेलमच्चो की एक महिला से हुई, जो स्वयं भी ढलाई के काम में मजदूरी करती थी।
पिछले छह माह से दोनों के बीच काफी नजदीकियां बढ़ गई थीं। इसकी शिकायत उसने महिला के पति और उसके ससुराल वालों से भी की, लेकिन कोई असर नहीं पड़ा। शिकायत करने पर उसका पति उसके साथ मारपीट भी करता था।
गुरुवार को उसके पति ने बताया कि वह शुक्रवार को लिफ्ट ढलाई के काम के लिए जाएगा। इस पर उसे संदेह हुआ और वह उसका पीछा करते हुए तेलमच्चो पहुंच गई। महुदा मोड़ पर उसका पति महिला को अपनी बाइक पर बैठाने ही वाला था कि तभी उसने उसे पकड़ लिया। इसके बाद दोनों के बीच तकरार होने लगी। इसी दौरान उसने पास की दुकान से सिंदूर लाकर महिला के माथे में भर दिया।
सूचना मिलने पर मुखिया पति शिबू महतो भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाकर समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक दोनों प्रेमी-प्रेमिका मानने को तैयार नहीं थे।
थाना प्रभारी ललित रंजन भगत ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाकर आगे निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल प्रेमिका को उसके घर भेज दिया गया है, जबकि प्रेमी को थाने में ही रखा गया है। दोनों के दो-दो बच्चे हैं।

