LockdownBreaking: प्रधानमंत्री के सम्बोधन में लॉकडाउन-4 के साथ विशेष आर्थिक पैकेज का एलान

नई दिल्ली, 12 मई। विश्वव्यापी कोरोना संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मंगलवार को रात 8 बजे एक बार फिर से देश को सम्बोधित किया। कोरोना संकट के बीच इससे पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को चार बार सम्बोधित कर चुके हैं। आज प्रधानमंत्री के सम्बोधन से एक बात तो स्पष्ट दिखाई देती है कि 17 मई को लॉक डाउन नहीं खुलेगा। यह बात इसलिए पुख्ता हो जाता कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नाम अपने सम्बोधन के दौरान लॉक डाउन-4 शब्द का प्रयोग करते हुए कहा कि लॉकडाउन का चौथा चरण, यानी लॉकडाउन-4, पूरी तरह नए रंग रूप वाला होगा, नए नियमों वाला होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्यों से हमें जो सुझाव मिल रहे हैं, उनके आधार पर लॉकडाउन 4 से जुड़ी जानकारी भी देशवासियों को 18 मई से पहले दी जाएगी। पीएम ने कोरोना संकट से निबटने के लिए कुल 20 लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज का एलान किया।

जानते हैं प्रधानमंत्री के सम्बोधन के प्रमुख बातें:

★जब कोरोना संकट शुरु हुआ, तब भारत में एक भी पीपीई (PPE) किट नहीं बनती थी। एन-95 मास्क का भारत में नाममात्र उत्पादन होता था। आज स्थिति ये है कि भारत में ही हर रोज 2 लाख PPE और 2 लाख एन-95 मास्क बनाए जा रहे हैं : पीएम नरेंद्र मोदी

★दुनिया को विश्वास होने लगा है कि भारत बहुत अच्छा कर सकता है, मानव जाति के कल्याण के लिए बहुत कुछ अच्छा दे सकता है। सवाल यह है कि आखिर कैसे? इस सवाल का भी उत्तर है- 130 करोड़ देशवासियों का आत्मनिर्भर भारत का संकल्प: पीएम मोदी

★आज हमारे पास साधन हैं, हमारे पास सामर्थ्य है, हमारे पास दुनिया का सबसे बेहतरीन टैलेंट है, हम सबसे अच्छे प्रोडक्ट बनाएंगे, अपनी गुणवत्ता और बेहतर करेंगे, सप्लाई चेन को और आधुनिक बनाएंगे, ये हम कर सकते हैं और हम जरूर करेंगे: पीएम मोदी

★हाल में सरकार ने कोरोना संकट से जुड़ी जो आर्थिक घोषणाएं की थीं, जो रिजर्व बैंक के फैसले थे, और आज जिस आर्थिक पैकेज का ऐलान हो रहा है, उसे जोड़ दें तो ये करीब-करीब 20 लाख करोड़ रुपए का है। ये पैकेज भारत की GDP का करीब-करीब 10 प्रतिशत है: पीएम मोदी

★कोरोना संकट का सामना करते हुए, नए संकल्प के साथ मैं आज 20 लाख करोड़ रुपये का एक विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा कर रहा हूं। ये आर्थिक पैकेज,
‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’ की अहम कड़ी के तौर पर काम करेगा: पीएम मोदी

★ये आर्थिक पैकेज देश के उस श्रमिक के लिए है, देश के उस किसान के लिए है जो हर स्थिति, हर मौसम में देशवासियों के लिए दिन रात परिश्रम कर रहा है। ये आर्थिक पैकेज हमारे देश के मध्यम वर्ग के लिए है, जो ईमानदारी से टैक्स देता है, देश के विकास में अपना योगदान देता है: पीएम मोदी

★ये आर्थिक पैकेज हमारे कुटीर उद्योग, गृह उद्योग, हमारे लघु-मंझोले उद्योग, हमारे MSME के लिए है, जो करोड़ों लोगों की आजीविका का साधन है,जो आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का मजबूत आधार है: पीएम मोदी

★बीते 6 वर्षों में जो रिफॉर्म हुए, उनके कारण आज संकट के इस समय भी भारत की व्यवस्थाएं अधिक सक्षम, अधिक समर्थ नज़र आईं हैं, अब रिफॉर्म के उस दायरे को व्यापक करना है, नई ऊंचाई देनी है। ये रिफॉर्मस खेती से जुड़ी पूरी सप्लाई चेन में होंगे, ताकि किसान भी सशक्त हो और भविष्य में कोरोना जैसे किसी दूसरे संकट में कृषि पर कम से कम असर हो: PM मोदी

★लॉकडाउन का चौथा चरण, लॉकडाउन 4, पूरी तरह नए रंग रूप वाला होगा, नए नियमों वाला होगा। राज्यों से हमें जो सुझाव मिल रहे हैं, उनके आधार पर लॉकडाउन 4 से जुड़ी जानकारी भी आपको 18 मई से पहले दी जाएगी: PM