Ranchi:सैनिक अस्पताल के गेट के पास दर्दनाक हादसा,वाहन ने स्कूटी सवार युवती को कुचला,मौके पर मौत…
राँची।नामकुम थाना क्षेत्र स्थित आर्मी छावनी के सैनिक अस्पताल के मुख्य गेट के समीप सोमवार की रात हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवती की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान चुटिया निवासी श्रृष्टि बागे के रूप में बतायी जा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां कोई घायल या वाहन सवार नहीं मिला, जबकि सड़क पर खून के निशान बिखरे हुए थे।
जानकारी के अनुसार सोमवार की रात नामकुम पुलिस को सूचना मिली कि सैनिक अस्पताल के मुख्य गेट के समीप स्कूटी सवार एक युवती की किसी सैन्य वाहन से दुर्घटना हो गयी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने तक घटनास्थल से घायल युवती और स्कूटी सवार अन्य लोग वहां से जा चुके थे। मौके पर सिर्फ सड़क पर बिखरा खून मिला।
पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाने के लिए आर्मी छावनी के गेट पर तैनात जवानों से भी पूछताछ की, लेकिन दुर्घटना के संबंध में तत्काल स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद पुलिस ने शहर के प्रमुख अस्पतालों में घायल के पहुंचने की जानकारी लेने का प्रयास किया। सदर अस्पताल और रिम्स से संपर्क करने के बाद पुलिस को पता चला कि दुर्घटना में घायल युवती की मौत हो चुकी है।
प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आ रही है कि स्कूटी पर दो युवक और एक युवती सवार थे। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। चर्चा के अनुसार स्कूटी किसी कारणवश अनियंत्रित हो गयी, जिससे युवती सड़क पर गिर गयी। इसी दौरान पीछे से आ रहे वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गयी।बताया जा रहा है कि हादसे के बाद स्कूटी पर सवार युवकों ने घायल युवती को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह बना हुआ है कि आखिर हादसा किस वाहन से और किस परिस्थिति में हुआ। पुलिस को शुरुआती सूचना सैन्य वाहन से दुर्घटना होने की मिली थी। वहीं, घटनास्थल पर किसी घायल के नहीं मिलने और अस्पताल पहुंचाने की बात सामने आने के कारण पुलिस पूरे घटनाक्रम को जोड़ने में जुटी है।पुलिस अब दुर्घटना के सही कारण का पता लगाने के लिए घटनास्थल की परिस्थितियों, वहां मौजूद लोगों और दुर्घटना के दौरान साथ रहे लोगों से जानकारी जुटा सकती है। यदि आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, तो उनके फुटेज से भी दुर्घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।
नामकुम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामनारायण सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवती की मौत हुई है। दुर्घटना किस तरह हुई और इसमें कौन-कौन से वाहन शामिल थे, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया है।आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जायेगा।

