कॉलेज से लौट रहे तीन दोस्तों की बाइक को बस ने मारी टक्कर, दो की मौके पर मौत; तीसरा गंभीर

 

गुमला। डुमरी-चैनपुर मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। अल्फोंस बागान के समीप बस और बाइक की जोरदार टक्कर में बाइक सवार दो कॉलेज छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।मृतकों की पहचान जूरमु गांव निवासी रनवीर खेरवार और हिसरी गांव निवासी प्रिंस पोल तिग्गा के रूप में हुई है। वहीं, नौहट्टा गांव निवासी अक्षय कुजूर गंभीर रूप से घायल हुआ है। तीनों की उम्र करीब 18 वर्ष बताई जा रही है।

बताया गया कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर चैनपुर कॉलेज से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ख्रीस्तनगर स्थित बागान के पास सामने से आ रही बस से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं अक्षय कुजूर के सिर और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद बस लेकर भागा चालक, पुलिस ने पीछा कर पकड़ा
दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों से सूचना मिलने के बाद डुमरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने बस की तलाश शुरू की और जैरागी के पास बस को पकड़कर जब्त कर लिया। बस को हुटाप पिकेट में रखा गया है।

डुमरी थाना प्रभारी शशि प्रकाश ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

error: Content is protected !!