आसमान से पैराशूट के साथ उतरी रहस्यमयी मशीन, गांव में मचा हड़कंप; पुलिस ने कब्जे में लिया तो खुला राज
जमशेदपुर/बहरागोड़ा। सोमवार की सुबह बहरागोड़ा प्रखंड के पाथरा गांव के समीप अचानक आसमान से पैराशूट के सहारे एक अज्ञात उपकरण जमीन पर आ गिरा। हवा में तैरती इस अजीबोगरीब वस्तु को नीचे आते देख ग्रामीणों में पहले हैरानी और फिर कौतूहल का माहौल बन गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी। ग्रामीण यह समझने की कोशिश करते रहे कि आखिर आसमान से पैराशूट के सहारे उतरी यह वस्तु क्या है और इसे यहां किसने भेजा।
मामले की सूचना मिलते ही बरसोल पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर उपकरण को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गयी। शुरुआती जांच में किसी आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई। उपकरण पर दर्ज संपर्क नंबर ने पूरे रहस्य से पर्दा उठाने में अहम भूमिका निभायी।
पुलिस ने उपकरण पर लिखे संपर्क नंबर के जरिए संबंधित लोगों से संपर्क किया। बातचीत के बाद पता चला कि यह पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर स्थित विद्यासागर विश्वविद्यालय से जुड़ा वैज्ञानिक अनुसंधान उपकरण है। विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि उपकरण को शोध कार्य के उद्देश्य से हवा में छोड़ा गया था और पैराशूट की मदद से इसे नीचे उतरना था।इस जानकारी के सामने आने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इससे पहले उपकरण को लेकर गांव में तरह-तरह की आशंकाएं और चर्चाएं शुरू हो गयी थीं।
विश्वविद्यालय की ओर से पुलिस से उपकरण को सुरक्षित रखने का आग्रह किया गया है। बताया गया है कि वैज्ञानिकों की टीम अगले दो से तीन दिनों के भीतर बरसोल थाना क्षेत्र पहुंचेगी और उपकरण को अपने साथ ले जाएगी। तब तक पुलिस ने इसे सुरक्षित अपने कब्जे में रखा है और लोगों से इससे दूरी बनाए रखने की अपील की है।
गौरतलब है कि विद्यासागर विश्वविद्यालय में University Science Instrumentation Centre (USIC) नाम का एक केंद्रीय वैज्ञानिक सुविधा केंद्र है, जहां विभिन्न क्षेत्रों में शोध के लिए अत्याधुनिक और विश्लेषणात्मक उपकरण उपलब्ध हैं।
फिलहाल पुलिस और ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस उपकरण को किस वैज्ञानिक प्रयोग के लिए उड़ाया गया था, इसे किस स्थान से छोड़ा गया और यह हवा में कितनी दूरी तय करने के बाद पाथरा गांव में उतरा। इन सवालों का पूरा जवाब वैज्ञानिकों की टीम के पहुंचने के बाद ही मिलने की उम्मीद है।फिलहाल पाथरा गांव में पैराशूट के साथ आसमान से उतरी यह मशीन पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। सुबह जिस वस्तु को देखकर ग्रामीणों में रहस्य और आशंका पैदा हो गयी थी, उसके वैज्ञानिक अनुसंधान उपकरण होने की जानकारी सामने आने के बाद अब लोगों की दिलचस्पी इस बात में है कि आखिर यह मशीन किस राज को रिकॉर्ड करने आसमान में भेजी गयी थी।

