डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में पहुंची स्कार्पियो, सामने से आ रहे ऑटो को मारी टक्कर; कई घायल, दो की हालत गंभीर

राँची। कांके थाना क्षेत्र के राँची-पतरातू मार्ग पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार स्कार्पियो ने एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार कई लोग घायल हो गए, जबकि दो घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


घटना सुबह करीब 11:30 बजे नगड़ी चौक के समीप हुई। जानकारी के अनुसार स्कार्पियो संख्या जेएच-01एफएफ-8774 कांके से पिठोरिया की ओर जा रही थी। नगड़ी चौक के पास तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और स्कार्पियो डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क की दूसरी लेन में पहुंच गया।इसी दौरान पिठोरिया की ओर से कांके आ रहे ऑटो संख्या जेएच-01बीएन-4762 से स्कार्पियो की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में सवार कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। इनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।

हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजने में मदद की। सूचना मिलने पर कांके थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर थाना ले गई।

error: Content is protected !!