अंतिम संस्कार के लिए निकले 19 लोग, रास्ते में बिछ गईं 7 लाशें; पिता को अंतिम विदाई देने मुंबई से सुबह घर पहुंचे बेटे की भी सड़क हादसे में मौत
हजारीबाग/गिरिडीह। झारखण्ड के हजारीबाग जिले के चौपारण स्थित दनुआ घाटी में सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को ऐसा जख्म दिया है, जिसे शायद ही कभी भुलाया जा सकेगा। जिस परिवार के लोग कुछ घंटे पहले तक 90 वर्षीय बुजुर्ग कुंजो प्रजापति के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, उसी परिवार के सात लोगों की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। सबसे हृदयविदारक बात यह है कि पिता की मौत की खबर सुनकर मुंबई से सुबह करीब चार बजे घर पहुंचा बेटा भी कुछ ही घंटों बाद हादसे का शिकार होकर दुनिया से चला गया। पिता के अंतिम संस्कार के लिए निकला बेटा खुद रास्ते में मौत के आगोश में समा गया। इस हादसे में उसकी बड़ी भाभी, रिश्तेदार और पड़ोसी समेत सात लोगों की जान चली गई।
यह दर्दनाक हादसा गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड अंतर्गत मुंडरो पंचायत के बिहारो गांव स्थित सलैयाटांड़ के एक ही परिवार और उनसे जुड़े लोगों पर कहर बनकर टूटा है। हादसे की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम पसर गया। जिस घर से सोमवार की सुबह पिता की अंतिम यात्रा के लिए परिजन निकले थे, उसी घर में अब एक साथ कई अर्थियां उठने की नौबत आ गई। परिवार के लोगों की चीख-पुकार से पूरा गांव गमगीन है।
ग्रामीणों के अनुसार, 90 वर्षीय कुंजो प्रजापति का रविवार को निधन हो गया था। उनकी इच्छा थी कि मृत्यु के बाद उनका अंतिम संस्कार वाराणसी में किया जाए। बुजुर्ग की इसी अंतिम इच्छा को पूरा करने के लिए परिवार के सदस्यों ने उनका पार्थिव शरीर वाराणसी ले जाने का फैसला किया था।
परिवार के छोटे बेटे राजू पंडित मुंबई में रहकर काम करते थे। पिता के निधन की सूचना मिलते ही वह मुंबई से घर के लिए रवाना हुए। सोमवार की सुबह करीब चार बजे फ्लाइट से वह अपने गांव पहुंचे। घर पहुंचने पर पिता के निधन का दुख था, लेकिन परिवार के लोग उनकी अंतिम इच्छा पूरी करने की तैयारी में जुटे थे। किसी को अंदाजा तक नहीं था कि कुछ ही घंटों में परिवार पर एक और ऐसी विपदा टूटने वाली है, जो कई जिंदगियां छीन लेगी।
19 लोग सवारी गाड़ी में सवार होकर निकले थे वाराणसी
सोमवार की सुबह परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और पड़ोसी समेत कुल 19 लोग एक सवारी गाड़ी में सवार होकर बुजुर्ग कुंजो प्रजापति का पार्थिव शरीर लेकर वाराणसी के लिए रवाना हुए। सभी के मन में एक ही उद्देश्य था कि बुजुर्ग की अंतिम इच्छा पूरी हो सके और उनका अंतिम संस्कार वाराणसी में किया जाए।
लेकिन चौपारण थाना क्षेत्र की दनुआ घाटी में पहुंचते ही उनकी खुशियों और उम्मीदों से भरी जिंदगी का सफर अचानक मौत के मंजर में बदल गया। वहां टैंकर और ट्रक की टक्कर के बाद सवारी गाड़ी भी भीषण दुर्घटना की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि वाहन में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई। हादसे में 12 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
एक ही परिवार के कई रिश्ते हमेशा के लिए टूट गए
इस हादसे में सबसे ज्यादा दर्दनाक पहलू यह है कि एक ही परिवार के कई सदस्य एक साथ काल के गाल में समा गए। मृतकों में कुंजो प्रजापति के छोटे बेटे राजू पंडित (40 वर्ष) शामिल हैं, जो पिता के निधन की सूचना मिलने के बाद मुंबई से घर पहुंचे थे। इसके अलावा उनकी बड़ी बहू बुधनी देवी (50 वर्ष), दामाद धोकला पंडित (45 वर्ष), जीजा रामेश्वर पंडित (70 वर्ष) और पड़ोसी रामकिशन महतो (50 वर्ष) की भी मौत हो गई।हादसे में आठ वर्षीय प्रीति कुमारी और 23 वर्षीय छोटू कुमार की भी जान चली गई। एक ही यात्रा में परिवार ने बेटे, बहू, रिश्तेदार और पड़ोसियों को खो दिया।
गांव में पसरा मातम, जिस घर से निकली थी अंतिम यात्रा वहां गूंज रही चीख-पुकार
मृतकों के पड़ोसी राजेश मंडल के मुताबिक, परिवार के लोग बुजुर्ग कुंजो प्रजापति की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए वाराणसी जा रहे थे। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि रास्ते में ऐसा हादसा हो जाएगा।हादसे की सूचना मिलते ही सलैयाटांड़ और आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में रविवार को बुजुर्ग की मौत के बाद पहले से ही मातम था, वहां सोमवार को सात और मौतों की खबर ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। गांव के लोग इस घटना को याद कर सिहर उठ रहे हैं।
12 लोग घायल, कई की हालत गंभीर
इस भीषण दुर्घटना में 12 लोग घायल हुए हैं। घायलों में मृतक कुंजो प्रजापति के बेटे सीताराम पंडित सहित डिली प्रजापति, जितेन्द्र पंडित, विष्णु पंडित, फागुन पंडित, लखन पंडित, रूबिया देवी और सावित्री देवी समेत अन्य लोग शामिल हैं। घायलों का इलाज जारी है।
एक तरफ परिवार के लोग बुजुर्ग कुंजो प्रजापति के अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रहे थे, दूसरी तरफ रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की कई पीढ़ियों को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस यात्रा का उद्देश्य एक बुजुर्ग को अंतिम विदाई देना था, वही यात्रा सात लोगों की जिंदगी का आखिरी सफर बन गई।
एक पिता की अंतिम इच्छा पूरी करने निकला परिवार रास्ते में ही बिखर गया। सुबह जिस बेटे ने पिता को अंतिम विदाई देने के लिए घर की दहलीज पार की थी, शाम होने से पहले उसकी अपनी जिंदगी भी खत्म हो चुकी थी। चौपारण की दनुआ घाटी का यह हादसा पूरे झारखण्ड को झकझोर देने वाला है।

